रांची में रेस्टोरेंट संचालक की गोली मारकर हत्या, विरोध में सड़क पर उतरे लोग

रांची में रेस्टोरेंट संचालक की गोली मारकर हत्या, विरोध में सड़क पर उतरे लोग
रांची सिटी के कांके रोड में शनिवार देर रात कुछ युवकों ने एक रेस्टोरेंट मालिक विजय कुमार नाग की गोली मारकर हत्या कर दी। रात करीब 11.30 बजे हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

रांची, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। रांची सिटी के कांके रोड में शनिवार देर रात कुछ युवकों ने एक रेस्टोरेंट मालिक विजय कुमार नाग की गोली मारकर हत्या कर दी। रात करीब 11.30 बजे हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

इस वारदात के विरोध में रविवार सुबह रेस्टोरेंट संचालक के परिजन सहित सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने कांके रोड पर जाम लगा दिया है। विजय कुमार नाग शहर के पॉश इलाके में चौपाटी नामक रेस्टोरेंट चलाते थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार की रात रेस्टोरेंट में कुछ युवक पहुंचे थे, जिन्होंने पहले से बिरयानी का पार्सल ऑर्डर किया था। बताया जा रहा है कि ऑर्डर में गलती से वेज बिरयानी की जगह नॉन वेज बिरयानी दे दी गई थी। घर पहुंचने के बाद युवक दोबारा रेस्टोरेंट पहुंचे और विजय से बहस करने लगे। विवाद के दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर विजय पर गोली चला दी, जो सीधे उनके सीने में लगी। गोली लगते ही विजय जमीन पर गिर पड़े।

स्थानीय लोग गोली चलने की आवाज सुनकर रेस्टोरेंट की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। घायल विजय को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद कांके रोड और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही रांची पुलिस के वरीय अधिकारी, फोरेंसिक टीम और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने रेस्टोरेंट से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विजय रांची के मशहूर रेस्टोरेंट कारोबारी थे और कांके रोड पर उनका पुराना व्यवसाय था। उनकी हत्या से कारोबारी समुदाय में आक्रोश है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली चलाने वाले युवक कौन थे और क्या यह विवाद केवल खाने के मुद्दे पर हुआ या इसके पीछे कोई और रंजिश थी।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Oct 2025 11:32 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story