दीपावली मनाने बीकानेर पहुंचे मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कांग्रेस और राहुल गांधी पर बोले तीखे शब्द

बीकानेर, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। दीपावली पर्व के अवसर पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल चार दिवसीय प्रवास पर अपने गृह क्षेत्र बीकानेर पहुंचे। नाल एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दीपावली का पर्व अपने परिजनों और साथियों के बीच मनाने आए मेघवाल ने पत्रकारों से बातचीत में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बातें रखी।
मेघवाल ने कहा कि बिहार में एनडीए मजबूती से आगे बढ़ रहा है, जबकि इंडिया गठबंधन सीटों के बंटवारे को लेकर गहरे मतभेदों में उलझा है। उन्होंने कहा कि बिहार ने विकास की रफ्तार पकड़ी है और जनता वहां पुनः एनडीए की सरकार बनाना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम छू रहा है और जनता इस विकास यात्रा में एनडीए के साथ है।
उत्तर प्रदेश के संदर्भ में मेघवाल ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वहां जनता में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य कर रहे हैं और इसमें अगर अखिलेश यादव को परेशानी है तो यह उनकी राजनीति का विषय है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मेघवाल ने कहा कि वे सिलेक्टिव पॉलिटिक्स करते हैं। जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहीं जाकर राजनीति करते हैं और झूठा प्रचार फैलाते हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक, बंगाल और हिमाचल प्रदेश में जब दलितों या भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुए, तब राहुल गांधी चुप रहे। रायबरेली में अपने परिवार की राजनीतिक जमीन बचाने में लगे राहुल गांधी जनता की समस्याओं से पूरी तरह दूर हैं।
मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समरसता की व्यवस्था को बिगाड़ने की प्रवृत्ति अपनाए हुए है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री के बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर पर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि यह तथ्यों से परे है। कांग्रेस ने 1952 में अंबेडकर को चुनाव हरवाया था, जबकि आज उसी को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
पंजाब की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भ्रष्टाचार भी अपने चरम पर है। राज्य सरकार प्रशासनिक नियंत्रण खो चुकी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2025 9:34 PM IST