विक्रांत भारत की सैन्य क्षमता का प्रतिबिंब, इसका नाम ही छीन लेता है दुश्मनों का चैन पीएम मोदी

विक्रांत भारत की सैन्य क्षमता का प्रतिबिंब, इसका नाम ही छीन लेता है दुश्मनों का चैन पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर जवानों के बीच दीपावली का उत्सव मनाया। प्रधानमंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए तीनों सेनाओं के समन्वय की सराहना की।

गोवा, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर जवानों के बीच दीपावली का उत्सव मनाया। प्रधानमंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए तीनों सेनाओं के समन्वय की सराहना की।

पीएम मोदी ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर में आपने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर किया। मैं आईएनएस विक्रांत की इस पराक्रमस्थली से तीनों सेनाओं के जवानों को सैल्यूट करता हूं। उन्होंने कहा कि जब दुश्मन सामने हो, युद्ध सामने हो, तब जिस देश के पास अपने दम पर युद्ध लड़ने का दम हो, उसका पलड़ा भारी होता है। सेनाओं को सशक्त होने के लिए आत्मनिर्भर होना जरूरी होता है।

पीएम मोदी ने कहा, "जिस दिन देश को स्वदेशी आईएनएस विक्रांत मिला था, उसी दिन नौसेना ने गुलामी के एक बड़े प्रतीक का त्याग कर दिया था। नेवी ने छत्रपति शिवाजी की प्रेरणा से नया ध्वज अपनाया था। हमारा विक्रांत आज आत्मनिर्भर भारत और मेड इन इंडिया का बहुत बड़ा प्रतीक है। विक्रांत का नाम ही दुश्मनों का चैन छीन लेता है। यह जहाज महासागर को चीरता हुआ भारत की ताकत और सैन्य क्षमता का प्रतिबिंब है।"

पीएम मोदी ने कहा, "जब आईएएनएस विक्रांत को जब देश को सौंपा जा रहा था, तब मैंने कहा था कि विक्रांत विराट और विशिष्ट है। यह केवल एक युद्धपोत नहीं, बल्कि यह 21वीं सदी के भारत के परिश्रम और प्रभाव का परिणाम है।"

पीएम मोदी ने जवानों के बीच दीपावली मनाने पर गर्व जताया और कहा, "दीपावली के पर्व में हर किसी को अपने परिवार के बीच दीपावली मनाने का मन करता है। मुझे भी परिवारजनों के बीच दीपावली मनाने की आदत हो गई है। इसलिए आपके बीच दीपावली मनाने चला आता हूं। इस बार भी आपके साथ हूं।"

उन्होंने जवानों को देश की ढाल बताते हुए कहा, "आपकी वीरता हर चुनौती को परास्त करती है। इस दीपावली पर 140 करोड़ भारतीयों की ओर से मैं आपको धन्यवाद देता हूं।"

प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि भारत का रक्षा निर्यात 1500 करोड़ से बढ़कर 21,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। यह जहाज लाखों कारीगरों, इंजीनियरों और वैज्ञानिकों की मेहनत का परिणाम है। आजादी के अमृत काल में विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Oct 2025 12:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story