दिल्ली सरकार अपनी गलती पंजाब पर डाल रही जरनैल सिंह

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की आबोहवा फिर से बिगड़ गई है। दीपावली के बाद बुधवार सुबह धुंध की मोटी चादर छाई रही। आप विधायक जरनैल सिंह ने दिल्ली की हवा खराब होने का जिम्मेदार दिल्ली सरकार को बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अपनी गलती पंजाब पर डाल रही है।
दिल्ली के तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र के आप विधायक जरनैल सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर दिल्ली सरकार लगातार यह कह रही है कि पंजाब में पराली जलाने से प्रदूषण आ रहा है। अगर पंजाब में पराली जलाने से प्रदूषण होता तो उसका असर पहले पंजाब में देखने को मिलता।"
उन्होंने कहा, "पंजाब में मौसम सामान्य है। आप लोग भी पंजाब के आंकड़े देख सकते है, दिल्ली की भाजपा सरकार लगातार झूठ बोल रही है।"
आप विधायक ने कहा कि दिल्ली में रहना मुश्किल हो गया है। आज दिल्ली की जो स्थिति हो गई है, वह कभी नहीं हुई थी। सरकार की जो जिम्मेदारी जनता के प्रति बनती है, उसका पालन किया जाए। सरकार उस पर ध्यान नहीं दे रही है।
दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार की गलतियों से जनता को परेशानी हो रही है। अगर सरकार पहले से कोई ठोस कदम उठा लेती तो आज यह परेशानी नहीं देखने को मिलती।
उन्होंने कहा, "हरियाणा में इनकी सरकार है, इसलिए ये हरियाणा का नाम नहीं ले रहे हैं। झूठी अफवाह फैला रहे हैं कि पंजाब में पराली जलाने से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ रहा है। आज दिल्ली की जनता अपनी आंखों से देख रही है कि दिल्ली का हाल क्या हो गया है।"
आप विधायक ने कहा कि दिल्ली में बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं। जिनको सांस लेने में परेशानी है, सबसे ज्यादा परेशानी उन्ही लोगों को हो रही है। दिल्ली सरकार के पास कोई जवाब नहीं है कि कब तक दिल्ली की स्थिति सामान्य होगी और ये लोग क्या कर रहे हैं।
केंद्र पर निशाना साधते हुए आप विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों से डर गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2025 5:02 PM IST