तेजस्वी सिर्फ ख्याली पुलाव पकाएंगे, एनडीए बिहार में सरकार बनाएगी जीतन राम मांझी
पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव के भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाने के दावे पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिसका परिवार ही भ्रष्टाचार के लिए मशहूर हो, उस परिवार का सदस्य कैसे भ्रष्टाचार मिटाने की बात कर सकता है।
मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव ख्याली पुलाव पका लें। वे सरकार बनाने नहीं जा रहे। वे 2010 के चुनाव परिणाम को याद रखें। जीतन राम मांझी ने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भ्रम फैलाया गया था, लेकिन बिहार की जनता अब किसी भ्रम में नहीं आएगी। मांझी ने कहा कि अगर तेजस्वी काल्पनिक योजनाएं बनाना चाहते हैं या शासन करने का सपना देखना चाहते हैं तो उन्हें अपने मन की करने दें। एनडीए स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है।
जीतन राम मांझी ने कहा कि जनता ने तय कर लिया है कि बिहार में विकास करने की वाली सरकार को चुनना है। लोकसभा में जो पैतरा आजमाया था, वह इस चुनाव में काम नहीं करने वाला है, जनता समझदार है।
केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि जो व्यक्ति दिन-रात भ्रष्टाचार में लिप्त रहा हो, वह बिहार में भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा कैसे कर सकता है। तेजस्वी भ्रष्टाचार मिटाना तो दूर, बिहार के गरीबों को उनका हक भी नहीं दिला सकते। वे कहते हैं कि भ्रष्टाचार के आरोप पर अपनी परछाई को भी सजा देंगे, तो पहले खुद को सजा दे दें।
राजद शासन को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि 15 साल के जंगल राज में भ्रष्टाचार और नरसंहार की घटनाएं आम थीं। मछुआरों को लूटा जाता था, एजेंसी की गाड़ियां छीन ली जाती थीं और गरीबों की जमीन हड़पी जाती थी। नौकरी के बदले गरीबों की जमीन लेने वाले तेजस्वी भ्रष्टाचार पर कैसे बोल सकते हैं।
बता दें कि तेजस्वी यादव ने कहा है कि अगर वे मुख्यमंत्री बनते हैं, तो बिहार के लोग भी मुख्यमंत्री बनेंगे। इतना ही नहीं, अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बनाएंगे। पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार हम लोगों को बनाना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Oct 2025 6:20 PM IST












