बिहार चुनाव दानापुर विधानसभा सीट पर बराबरी का मुकाबला, इस बार ऐसे बन रहे चुनावी समीकरण

बिहार चुनाव  दानापुर विधानसभा सीट पर बराबरी का मुकाबला, इस बार ऐसे बन रहे चुनावी समीकरण
बिहार की राजधानी पटना से सटा हुआ दानापुर, केवल एक अनुमंडलीय शहर नहीं, बल्कि इतिहास, विरासत और बिहार की राजनीति का एक अहम केंद्र है। अपनी छावनी (कैंटोनमेंट) के लिए प्रसिद्ध यह नगर, एक बार फिर चुनावी रणभूमि का हॉटस्पॉट बना हुआ है।

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना से सटा हुआ दानापुर, केवल एक अनुमंडलीय शहर नहीं, बल्कि इतिहास, विरासत और बिहार की राजनीति का एक अहम केंद्र है। अपनी छावनी (कैंटोनमेंट) के लिए प्रसिद्ध यह नगर, एक बार फिर चुनावी रणभूमि का हॉटस्पॉट बना हुआ है।

यह सीट पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है और बिहार की राजनीति में हमेशा से निर्णायक भूमिका निभाती रही है।

1957 में स्थापित, दानापुर विधानसभा क्षेत्र अब तक 18 बार चुनावी जंग का गवाह बन चुका है और यहां का इतिहास बेहद रोचक रहा है। इस सीट पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दबदबा लगभग बराबर रहा है, दोनों ने पांच-पांच बार जीत दर्ज की है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (जनता परिवार) ने भी मिलकर पांच बार जीत हासिल की है। यहां तक कि 1985 में एक निर्दलीय उम्मीदवार भी यहां से जीतकर विधानसभा पहुंचा था।

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव खुद 1995 और 2000 में यहां से चुनाव लड़े और जीते, लेकिन दोनों बार सीट छोड़ दी।

उनके सीट छोड़ने के कारण हुए उप-चुनावों में भाजपा के विजय सिंह यादव (1996) और राजद के रामानंद यादव (2002) को जीत दिलाई।

साल 2005 से 2015 तक, भाजपा की आशा सिन्हा ने लगातार तीन बार जीत दर्ज करके इस सीट पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी। लेकिन 2020 के चुनाव में राजद के रीतलाल यादव ने उन्हें बड़े अंतर से हरा दिया।

इस विधानसभा चुनाव में दानापुर में एक बार फिर राजद और भाजपा के बीच सीधी और कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। राजद जहां अपनी सीट बरकरार रखने की कोशिश में है, वहीं भाजपा हर हाल में वापसी के मूड में है।

यहां यादव मतदाता क्षेत्र की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि लालू प्रसाद यादव ने खुद इस सीट से दो बार चुनाव लड़ा।

दानापुर की पहचान इसकी ख़ास भौगोलिक संरचना से होती है। यह इकलौता क्षेत्र है जहां शहरी चमक-दमक है, उपजाऊ ग्रामीण इलाका है और नदियों के बीच स्थित दियारा क्षेत्र की अपनी अलग संस्कृति भी है।

विकास के नाम पर मेट्रो और एलिवेटेड रोड जैसी बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं, लेकिन दानापुर के लोगों की बुनियादी जरूरतें अब भी पूरी नहीं हुई हैं। जल निकासी की गंभीर समस्या, हर साल आने वाली बाढ़ का खतरा और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी आज भी यहां के गंभीर मुद्दे बने हुए हैं, जिन पर चुनावी जीत का दारोमदार टिका है।

दानापुर का इतिहास सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है। यह नगर अपनी सैन्य और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। इसे देश की दूसरी सबसे पुरानी छावनी होने का गौरव प्राप्त है, जिसकी स्थापना ब्रिटिश शासन काल में 1765 में हुई थी।

इस ऐतिहासिक छावनी का स्वतंत्रता संग्राम में भी खास योगदान रहा है। 25 जुलाई 1857 को यहीं के सिपाहियों ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका था। आज, यहां बिहार रेजिमेंट का रेजिमेंटल सेंटर स्थित है, जिसकी स्थापना 1949 में हुई थी।

साल में एक बार, जून से जुलाई के बीच, यह छावनी क्षेत्र एक अनूठा प्राकृतिक पक्षी अभयारण्य बन जाता है। यहां बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं, जिन्हें 'ओपन बिल स्टॉर्क' कहा जाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Oct 2025 7:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story