छठ एक अलग अनुभूति है, ऐसा अनुभव आपको किसी पूजा में नहीं होगा अक्षरा सिंह

छठ एक अलग अनुभूति है, ऐसा अनुभव आपको किसी पूजा में नहीं होगा अक्षरा सिंह
भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी पटना में लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रत रखा। वह पटना के प्रसिद्ध दीघा घाट पहुंचीं, जहां उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

पटना, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी पटना में लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रत रखा। वह पटना के प्रसिद्ध दीघा घाट पहुंचीं, जहां उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, “मैं देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं देना चाहती हूं। इस जैसा अनुभव आपको किसी पूजा में नहीं होगा। मैं कल तक इसे देखती आई थी, लेकिन आज मैं इसे स्वयं अनुभव कर रही हूं और यह पूरी तरह से अलग महसूस हो रहा है। यह एक अलग अनुभूति है, मैं बहुत भाव विभोर हूं।” इस दौरान अक्षरा सिंह ने छठ के गीत भी गाए।

वह लाल रंग की साड़ी पहने बहुत ही सुंदर दिख रही थीं। अक्षरा सिंह पहली बार छठ पूजा कर रही हैं।

सोशल मीडिया पर अक्षरा सिंह की छठ पूजा करते हुए तस्वीरें छाई हुई हैं। बहुत से लोग इन्हें देखकर खुश हैं। वहीं कुछ लोग कह रहे हैं कि बिना शादी किए कैसे यह व्रत कर सकती हैं।

छठ पर्व से पहले अक्षरा सिंह ने प्रशंसकों को तोहफा देते हुए अपना नया छठ गीत 'केलवा के पात' रिलीज किया। अक्षरा सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी सेक्शन पर गाने की रिलीज की खुशखबरी शेयर की। उन्होंने पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, "छठ मइया के आशीर्वाद से ‘केलवा के पात’ अब आपके लिए उपलब्ध है।"

गाने को खुद अक्षरा सिंह और सुगम सिंह ने गाया है और इसके बोल मनोज मतलबी ने लिखे हैं। वहीं, म्यूजिक मधुकर आनंद ने दिया है। गीत यूट्यूब, स्पॉटिफाई, गाना और जियोसावन सहित सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

इस छठ गीत का वीडियो बेहद आकर्षक है। इसमें अक्षरा छठ व्रत की कठिन तपस्या को बड़े ही मनोरंजक और सरल अंदाज में प्रस्तुत कर रही हैं। वीडियो में सूर्यास्त और सूर्योदय के सीन, नदी का किनारा और व्रतियों की भक्ति भावना को खूबसूरती से दर्शाया गया है। छठ पूजा के उत्सव को इसमें अच्छे से दर्शाया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Oct 2025 12:01 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story