दिनेश शर्मा ने एसआईआर को लेकर विपक्ष को घेरा- क्या आप रोहिंग्या और घुसपैठियों के साथ हैं?
लखनऊ, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने एसआईआर, बिहार चुनाव और छठी मैया पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरा है।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर के दूसरे चरण पर कहा कि यह चुनाव आयोग की एक नियमित प्रक्रिया है, जो पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान भी कई बार की गई है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग की एक सामान्य प्रक्रिया है। कांग्रेस की सरकारों के समय में भी यह कई बार हो चुका है। पिछली बार एसआईआर 2003 में हुआ था। 2003 को आधार बनाकर इस बार किया जा रहा है। आपको करना चाहिए था, आपने किया नहीं। अब भाजपा कर रही है।
एसआईआर को लेकर दिनेश शर्मा का विपक्ष से सवाल, क्या आप रोहिंग्या और घुसपैठियों के साथ हैं?
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि इससे आपको क्या आपत्ति है? रूल बनाया आपने, वर्णन हुआ संविधान में, पारदर्शी और फेयर चुनाव चाहती है जनता। इन सारी चीजों के अनुपालन में अगर चुनाव आयोग एसआईआर के द्वारा वोटर लिस्ट को संशोधित कर रहा है तो इसमें गलत क्या है?
भाजपा सांसद ने विपक्ष से सवाल किया कि आखिर आप क्या चाहते हैं...जो मरे हुए लोग हैं, उनके नाम वोटर लिस्ट में हों? क्या आप चाहते हैं कि जो लोग प्रदेश से जाकर कहीं और बस गए, उनके नाम वोटर लिस्ट में हों? क्या आप चाहते हैं कि रोहिंग्या और घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल हों? तो आपकी यह चाहत पूरी होने वाली नहीं है। दिनेश शर्मा ने कहा कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्षता और पारदर्शिता से चुनाव कराता है, तो आपको विपक्ष के दायित्वों का पालन करना चाहिए। आपको अपने समय में किए गए काम से इसकी तुलना करनी चाहिए।
राजद नेता तेजस्वी यादव के हर घर में एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी के वादे पर भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि वे केवल झूठ फैलाने में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में 3.16 लाख करोड़ का बजट है और आप 6 लाख करोड़ का वेतन देने की बात करते हैं। आप झूठ बोलते हैं। झूठ मत फैलाओ, बिहार के लोग बहुत बुद्धिमान होते हैं। उनको बरगलाया नहीं जा सकता।
छठी मैया को लेकर दिए बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी को हिंदू संस्कृति की जानकारी नहीं है। छठी मैया के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल ठीक नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Oct 2025 8:06 PM IST












