'क्रांति ने क्रांति कर दी,' मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विश्व चैंपियन टीम की सदस्य क्रांति गौड़ से की बात
भोपाल, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महिला विश्व कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य क्रांति गौड़ को वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने क्रांति गौड़ से बातचीत की वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने क्रांति गौड़ से कहा, "पूरे देश को आपलोगों की उपलब्धियों पर गर्व है। आप मध्य प्रदेश की बेटी हैं, इससे आनंद और बढ़ जाता है। क्रांति ने क्रांति कर दी।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। आप लोगों ने जो उपलब्धि हासिल की है, वो प्रेरणादायी है। हमने 1 करोड़ की प्रोत्साहित राशि की घोषणा की है, आप जब मध्य प्रदेश लौटेंगी, तो आपको मिल जाएगी।
क्रांति गौड़ ने भी मुख्यमंत्री को उनके उत्साहवर्धन के लिए धन्यवाद दिया।
बता दें कि क्रांति गौड़ महिला विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में मध्य प्रदेश की एकमात्र खिलाड़ी हैं। राज्य सरकार ने क्रांति गौड़ के लिए 1 करोड़ रुपये इनाम की घोषणा की है।
विश्व कप में खेले 8 मैचों में क्रांति गौड़ ने 9 विकेट झटकते हुए भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
भारतीय टीम ने 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराते हुए अपना पहला विश्व कप खिताब जीता। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शेफाली वर्मा की 87 और दीप्ति शर्मा की 58 रन की पारी के बदौलत 7 विकेट पर 298 रन बनाए थे और दक्षिण अफ्रीका को 45.3 ओवर में 246 रन पर समेटकर विश्व चैंपियन बनी। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Nov 2025 1:53 PM IST












