नितिन नबीन ने लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हुए हमले की निंदा की
पटना, 6 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण के लिए मतदान संपन्न हो गया है। इस चरण में 121 सीटों पर वोटिंग हुई। इस बीच लखीसराय में बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ है। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन और यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस हमले की निंदा की है।
नीतीश सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में घरों से निकलकर पोलिंग बूथ पहुंचने की अपील की थी। इसके साथ ही उन्होंने लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हुए हमले की निंदा की है।
नितिन नबीन ने कहा कि मैं पटना के लोगों से कहना चाहता हूं कि आपने अच्छा मतदान किया है। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान को और आगे बढ़ाना है; आइए मतदान करें।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमले को लेकर मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि कुछ लोग अपने तरीके से प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं। इससे विजय सिन्हा की छवि पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन इस तरह के हमलावरों से ही हमें बिहार को बचाना है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने काफिले पर हुए हमले को लेकर कहा कि वे लोग पूरी तरह से जंगलराज के गुंडे थे, राजद से जुड़े हुए थे। उन्होंने अराजकता फैलाई, अति पिछड़े और कमजोर वर्गों को वोट देने से रोका।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि विजय कुमार सिन्हा पर असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया हमला अत्यंत निंदनीय और दुखद है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि चुनाव आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, बावजूद इसके जिस ढंग से अराजक लोगों ने हमला किया, मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं। इस तरह की घटनाओं से विपक्षी दलों की मानसिकता उजागर होती है। वे लोग अराजक तत्वों का सहारा लेकर चुनाव जीतना चाहते हैं। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Nov 2025 11:07 PM IST











