झारखंडः दूसरी शादी रचाई तो नाराज पहली पत्नी ने पति की करवा दी हत्या, दो गिरफ्तार

झारखंडः दूसरी शादी रचाई तो नाराज पहली पत्नी ने पति की करवा दी हत्या, दो गिरफ्तार
झारखंड के खूंटी जिले में रंजीत महतो नामक शख्स की एक हफ्ते पहले हुई हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया। इस मामले में पुलिस ने उसकी पहली पत्नी सुगी देवी और उसके भांजे सोनू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रांची, 7 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिले में रंजीत महतो नामक शख्स की एक हफ्ते पहले हुई हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया। इस मामले में पुलिस ने उसकी पहली पत्नी सुगी देवी और उसके भांजे सोनू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, यह हत्या पारिवारिक रंजिश और दूसरी शादी से उपजे विवाद के कारण की गई थी। खूंटी जिले के डहुपिड़ी के पास कदमा तालाब किनारे 31 अक्टूबर को एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। अगले दिन शव की पहचान रांची के सोनाहातू निवासी रंजीत महतो के रूप में हुई। वह खूंटी शहर के गिरजाटोली, महावीर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था।

एसडीपीओ वरुण कुमार रजक ने शुक्रवार को बताया कि रंजीत की हत्या के पीछे उसकी दूसरी शादी मुख्य कारण बनी। उसने रेणु देवी नामक महिला से दूसरा विवाह किया था, जिससे उसकी पहली पत्नी सुगी देवी नाराज थी। इसी रंजिश में उसने अपने भांजे सोनू महतो और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।

जांच के बाद पुलिस ने खूंटी के डहुगुटू निवासी सुगी देवी और अमृतपुर निवासी सोनू महतो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि सोनू महतो का आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त भुजाली, पेट्रोल की बोतल और घटना के दौरान पहने गए कपड़ों के जले हुए अवशेष बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, कपड़ों को साक्ष्य मिटाने के लिए जलाया गया था। इस हत्याकांड का खुलासा एसडीपीओ वरुण कुमार रजक के नेतृत्व में गठित टीम ने किया। टीम में थाना प्रभारी मोहन कुमार, एसआई सीताराम दांगी, आदित्य कुमार, एएसआई अंजना मेरी बाड़ा, तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस इस मामले में शामिल दो अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Nov 2025 10:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story