गिरिडीह में पत्थर खदान के विवाद को लेकर दो गुट भिड़े, एक की मौत, छह घायल

गिरिडीह में पत्थर खदान के विवाद को लेकर दो गुट भिड़े, एक की मौत, छह घायल
झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत जमुआ प्रखंड के दलिया गांव में मंगलवार को एक विवादित पत्थर खदान को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

गिरिडीह, 11 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत जमुआ प्रखंड के दलिया गांव में मंगलवार को एक विवादित पत्थर खदान को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

झड़प के दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूत्रों के अनुसार, यह पत्थर खदान लंबे समय से बंद थी, लेकिन हाल ही में बिहार के नवादा जिले से आए एक संचालक ने अपने लोगों के साथ खदान का संचालन शुरू कर दिया था।

स्थानीय ग्रामीणों और खदान के पुराने संचालकों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मंगलवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी में छह लोग घायल हुए, जिनमें से एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बाकी घायलों को जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विवादित खदान का संचालन पहले तुलसी वर्मा, राजू वर्मा और सुबोध वर्मा करते थे। बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से खदान पर वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों में तनातनी चल रही थी। बिहार से आए कई युवक गांव में डेरा डालकर खदान पर कब्जे की कोशिश कर रहे थे। मंगलवार को इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है और गोली चलाने वालों की पहचान की जा रही है। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद दलिया गांव और आसपास के इलाकों में तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Nov 2025 2:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story