बिहार में एनडीए की जीत पर अर्जुन राम मेघवाल बोले, जनता ने 'जंगल राज' को फिर किया खारिज
रांची, 15 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि ये नतीजे पूरी तरह विकास और सुशासन पर जनता के भरोसे का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जब विकास और सुशासन मुख्य मुद्दे बनकर सामने आए, तभी यह साफ हो गया था कि एनडीए को भारी बहुमत मिलने वाला है।
अर्जुन राम मेघवाल ने आईएएनएस से कहा, "जब लोग विकास की बातें करते हैं, सुशासन की तुलना करते हैं, तब उन्हें पुराने 'जंगल राज' की याद भी आती है। जनता ने यह तय कर लिया था कि बिहार में स्थिरता और विकास की गति नहीं रुकनी चाहिए। इसी भरोसे ने एनडीए को यह प्रचंड जीत दिलाई है।"
उन्होंने इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जनता के आशीर्वाद का नतीजा बताया। मंत्री ने कहा, "यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के विश्वास की विजय है। हम दिल से बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हैं।"
मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन को एनडीए की जीत का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं की जोड़ी ने बिहार में धरातल पर विकास को गति दी है। पीएम मोदी पर भरोसा, उनकी विकास नीतियों का असर और नीतीश कुमार द्वारा दिया गया सुशासन, इन सबने मिलकर यह जनादेश तय किया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार पूरा चुनाव ही विकास की रफ्तार पर केंद्रित था। बिहार की जनता यह स्पष्ट कर चुकी है कि वह राज्य में परिवर्तन की गति धीमी नहीं होने देना चाहती।
इसी दौरान उन्होंने एसआईआर को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। मेघवाल ने कहा, "एसआईआर एक नियमित प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को साफ-सुथरा बनाना है। इसमें सभी लोगों को सहयोग करना चाहिए ताकि चुनाव प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व सुव्यवस्थित बन सके।"
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में एनडीए सरकार बिहार को विकास के नए आयामों तक ले जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Nov 2025 1:43 PM IST












