संपूर्ण सभ्यता का प्रतिनिधित्व करता है नालंदा गजेंद्र सिंह शेखावत

संपूर्ण सभ्यता का प्रतिनिधित्व करता है नालंदा गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि नालंदा किसी एक शहर या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, यह एक संपूर्ण सभ्यता का प्रतिनिधित्व करता है।

राजगीर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि नालंदा किसी एक शहर या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, यह एक संपूर्ण सभ्यता का प्रतिनिधित्व करता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह ज्ञान का प्रकाशस्तंभ था, ज्ञान के साधकों के लिए एक आश्रय स्थल था, और विविध संस्कृतियों के मिलन का केंद्र था। नालंदा की मिट्टी, इसके पत्थर, और इसका हर कोना उस प्राचीन परंपरा की जीवंतता से गूंजता है।

विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति सचिन चतुर्वेदी ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। शेखावत ने अपने संबोधन में नालंदा विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक पहचान की सराहना की और कहा कि यह विश्वविद्यालय विश्व स्तरीय शिक्षा और अनुसंधान के माध्यम से भारत की समृद्ध सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मंत्री ने छात्रों और शोधकर्ताओं से संवाद किया और सांस्कृतिक विरासत, समकालीन वैश्विक चुनौतियों और नालंदा विश्वविद्यालय की भविष्योन्मुखी शिक्षा में भूमिका पर चर्चा की। विश्वविद्यालय की सहभागिता पहल के तहत स्थानीय गांवों के स्कूलों के शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें बताया गया कि लाइब्रेरी को किताबों से समृद्ध करने और छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं जुटाने के लिए क्या-क्या प्रयास चल रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि भारतीय ज्ञान-परंपराओं के ग्रंथों को आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से लाइब्रेरी के ज्ञान-भंडार को हर छात्र तक आसानी से और प्रभावी ढंग से पहुंचाना बहुत जरूरी है।

कुलपति चतुर्वेदी ने कहा, "संस्कृति मंत्रालय की 'ज्ञान भारतम' मिशन पाण्डुलिपि पर आधारित ज्ञान के एक ऐतिहासिक भंडार में नई ऊर्जा का संचार कर रही है। हमारा नालंदा इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास कर रहा है ताकि अपने प्राचीन पुस्तकालय को डिजिटल युग में पुनर्जीवित किया जा सके और दक्षिण-पूर्व एशियाई भाषाओं एवं परंपराओं के अध्ययन को और सशक्त बनाया जा सके, जिससे विश्वविद्यालय की अंतर-सांस्कृतिक संवाद और समन्वय की चिरस्थायी भावना को नया विस्तार मिले।"

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने नालंदा विश्वविद्यालय के छात्रों से कहा कि उनके लिए ये गर्व की बात है कि वे उस महान विद्यापीठ का हिस्सा हैं, जिसकी ज्ञान की परंपरा हजारों सालों से पूरी दुनिया को रोशनी देती आ रही है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, समर्पण और मेहनत के दम पर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Nov 2025 8:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story