योगी सरकार ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों को भेजा 1000 क्विंटल गेहूं का बीज, भाजपा नेताओं ने जताया आभार

योगी सरकार ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों को भेजा 1000 क्विंटल गेहूं का बीज, भाजपा नेताओं ने जताया आभार
भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई ने बाढ़ प्रभावित किसानों को निशुल्क 1000 क्विंटल गेहूं के बीज भेजने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार का आभार जताया है।

चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई ने बाढ़ प्रभावित किसानों को निशुल्क 1000 क्विंटल गेहूं के बीज भेजने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार का आभार जताया है।

पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि आगामी गेहूं की बुआई के मद्देनजर, बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए 1 हजार क्विंटल गेहूं के बीज भेजने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का हार्दिक आभार।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता के तहत, उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर मदद का हाथ बढ़ाया है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता के तहत, भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार, गुजरात सरकार, हरियाणा सरकार और गोवा सरकार ने भी 5-5 करोड़ रुपए की राहत सामग्री भेजी थी।

बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पंजाब के बाढ़ प्रभावित कृषकों की बीज सहायता के लिए वाहनों के फ्लैग-ऑफ के लिए मंगलवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने बीज ले जाने वाले ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ से उत्पन्न विषम परिस्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार अपने पंजाब के अन्नदाता किसानों के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। अन्नदाता किसान साथियों को सहयोग प्रदान करने हेतु कृषि विभाग एवं उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम का हृदय से अभिनंदन।

उन्होंने आगे कहा कि विकास कार्यों और आपदा से निपटने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार पर्याप्त मात्रा में फंड उपलब्ध करवा रही है। देश की खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में उत्तर प्रदेश आज महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन भी कर रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 1 हजार क्विंटल गेहूं का बीज पंजाब के लिए रवाना किया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Oct 2025 11:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story