'जो केजरीवाल ने 11 साल में नहीं किया, भाजपा सरकार में 7 महीने में हो गया', कपिल मिश्रा ने दिखाई 'सच्चाई'
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में छठ पर्व के बीच यमुना पर राजनीति जारी है। इसी क्रम में दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने यमुना नदी में सफाई का दावा करते हुए कहा कि जो अरविंद केजरीवाल 11 साल में नहीं कर पाए वो मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार में 7 महीने में हो गया है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दो तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि पहली तस्वीर अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल के दौरान कालिंदी कुंज पर यमुना नदी की है, जबकि दूसरी तस्वीर भाजपा सरकार में कालिंदी कुंज पर ली गई है।
तुलनात्मक तस्वीरों में फर्क साफ दिखाई दिया। पहले की तस्वीर में यमुना नदी में सफेद जहरीले झाग देखे गए, जबकि दूसरी तस्वीर में बहुत ही कम झाग दिखाई दिए। कपिल मिश्रा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "काम दिखता है।"
हालांकि, आम आदमी पार्टी यमुना नदी के पानी को प्रदूषित बताकर दिल्ली सरकार को घेर रही है। पिछले दिन सौरभ भारद्वाज और संजीव झा ने सूर्य घाट का दौरा किया। उन्होंने दावा किया, "नजफगढ़ नाले का सारा पानी यमुना में आकर मिल रहा है और यमुना प्रदूषित हो रही है।"
सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि यमुना में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के हिस्से का पानी दिल्ली की तरफ छुड़वाया गया है, लेकिन नजफगढ़ नाले का पानी भी इसी यमुना जी में मिलाया जा रहा है। अभी उत्तर प्रदेश के हिस्से का भी पानी यमुना में डालकर दिखावा किया जा रहा है, लेकिन छठ के बाद यह पानी यमुना में नहीं आएगा और जल इससे भी ज्यादा प्रदूषित होगा।
उन्होंने कहा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा नेता पूर्वांचलवासियों को बेवकूफ बना रहे हैं कि इन्होंने यमुना को साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता या तो इस पानी को पीकर पूर्वांचल समाज को आश्वस्त कर दें या फिर झूठ बोलकर लोगों की जान मुसीबत में ना डालें।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Oct 2025 12:05 PM IST










