राजनीति: ममता बनर्जी ने 'कन्याश्री' योजना की 12वीं वर्षगांठ पर जताया गर्व, बंगाल की महिलाओं से खास अपील

कोलकाता, 14 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 14 अगस्त को 'कन्याश्री दिवस' के अवसर पर राज्य की लड़कियों और महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'कन्याश्री' योजना की 12वीं वर्षगांठ पर इस महत्वाकांक्षी सामाजिक पहल की सफलता पर गर्व जताया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 'कन्याश्री' योजना को लेकर गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज कन्याश्री दिवस है। कन्याश्री योजना, जो हमारा गौरव है, ने 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। दुनिया भर में, देश और पूरे बंगाल में सभी कन्याश्री महिलाओं को बहुत-बहुत बधाई।"
ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे किसी अन्य सरकारी परियोजना की जानकारी नहीं है, जिसने इतने कम समय में समाज में महिला सशक्तिकरण पर इतना बड़ा प्रभाव डाला हो। उन्होंने इस योजना को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, "यह दुनिया में इतनी लोकप्रिय है कि इसने संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा पुरस्कार जीता और 62 देशों की 552 योजनाओं में पहला स्थान हासिल किया।"
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि जिस समाज में महिलाएं समृद्ध नहीं हैं, वह कभी भी समृद्ध नहीं हो सकता। समाज के विकास के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण जरूरी है।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में 93 लाख से ज्यादा "कन्याश्री" हैं। इस योजना के माध्यम से उनके हाथों में 17,500 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सौंपी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सिर्फ महिलाओं के सशक्तिकरण की बातें नहीं करते, बल्कि उसे साकार करके दिखाते हैं।
अपने संदेश के अंत में ममता बनर्जी ने कन्याश्री लाभार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए लिखा, "सभी कन्याश्री से मेरा कहना है, जीवन में ऊंचाइयां हासिल करो, अपने देश का नाम रोशन करो, अपने राज्य का नाम रोशन करो। एक दिन तुम "विश्व बांग्ला" (वैश्विक बंगाल) का निर्माण करोगी। तुम अपने सिर पर विश्व सम्मान का ताज पहनोगी।"
उन्होंने अपने संदेश का समापन जय हिंद, जय बांग्ला और जय कन्याश्री के उद्घोष के साथ किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Aug 2025 11:29 AM IST