राजनाथ सिंह कुआलालंपुर में 12वीं आसियान रक्षा मंत्री बैठक-प्लस में होंगे शामिल
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस में शामिल होंगे। वह एक नवंबर को मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित होने जा रही इस बैठक का हिस्सा बनेंगे। इस दौरान राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस के 15 वर्षों पर चिंतन और आगे की राह तय करने संबंधी विषय पर अपने विचार साझा करेंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारत 1992 में आसियान का वार्ता साझेदार बना और इसका पहला एडीएमएम-प्लस 12 अक्टूबर, 2010 को वियतनाम के हनोई में आयोजित किया गया था। 2017 से, एडीएमएम-प्लस का आयोजन आसियान और प्लस देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष किया जाता है। एडीएमएम-प्लस के तहत, भारत 2024-2027 चक्र के लिए मलेशिया के साथ आतंकवाद निरोध पर विशेषज्ञ कार्य समूह का सह-अध्यक्ष है। आसियान-भारत समुद्री अभ्यास का दूसरा संस्करण भी 2026 में निर्धारित है।
रक्षा मंत्री 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली दूसरी आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में भी भाग लेंगे। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह बैठक मलेशिया की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में आसियान के सभी सदस्य देशों के रक्षा मंत्री मौजूद रहेंगे।
इस बैठक का उद्देश्य भारत और आसियान देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को और सुदृढ़ बनाना है। इसके साथ ही इस बैठक के जरिए भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ को और गति देने का प्रयास किया जाएगा। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान राजनाथ सिंह आसियान-प्लस सदस्य देशों के अपने समकक्ष रक्षा मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। वह मलेशिया के वरिष्ठ नेतृत्व से द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक आसियान के भीतर रक्षा संबंधी परामर्श और सहयोग का सर्वोच्च मंच है। आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस इस मंच का विस्तारित रूप है। इसमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर लेस्ते और वियतनाम जैसे 11 सदस्य देश शामिल हैं।
इनके अलावा आठ संवाद साझेदार देश भी हैं, जिनमें भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल हैं। वर्तमान चक्र (2024–2027) में भारत मलेशिया के साथ मिलकर ‘काउंटर टेररिज्म (आतंकवाद-रोधी)’ विशेषज्ञ कार्य समूह की सह-अध्यक्षता कर रहा है। इसके अतिरिक्त, आसियान-भारत समुद्री अभ्यास का दूसरा संस्करण वर्ष 2026 में आयोजित किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Oct 2025 1:58 PM IST












