दिल्ली अवैध रूप से रह रहे नाइजीरियाई नागरिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली  अवैध रूप से रह रहे नाइजीरियाई नागरिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दक्षिण पश्चिम पालम गांव पुलिस चौकी की सतर्क टीम ने एक अवैध नाइजीरियाई प्रवासी को गिरफ्तार किया। वह पिछले सात वर्षों से बिना वैध वीजा दस्तावेजों के भारत में रह रहा था।

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दक्षिण पश्चिम पालम गांव पुलिस चौकी की सतर्क टीम ने एक अवैध नाइजीरियाई प्रवासी को गिरफ्तार किया। वह पिछले सात वर्षों से बिना वैध वीजा दस्तावेजों के भारत में रह रहा था।

पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, एफआरआरओ नई दिल्ली की मदद से उसे वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नाइजीरिया निवासी इमैनुएल ओगुगुआ (43) के रूप में हुई है।

दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस ने बताया कि अपराध रोकथाम और अवैध रूप से रह रहे विदेशियों पर निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन्हें खुफिया जानकारी जुटाकर ऐसे विदेशी नागरिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इस अभियान के तहत इंस्पेक्टर सुधीर कुमार गुलिया के नेतृत्व और एसीपी अनिल कुमार की देखरेख में एएसआई वीरेंद्र, एचसी संदीप कुमार, एचसी कृष्ण कुमार और कांस्टेबल कमलेश की टीम सक्रिय की गई।

जांच के दौरान टीम को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ नाइजीरियाई नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की। दस्तावेज मांगने पर वह वैध वीजा नहीं दिखा पाया था। इसके बाद में नाइजीरियाई दूतावास से सत्यापन करने पर सही जानकारी प्राप्त की गई।

नाइजीरियाई दूतावास से जानकारी मिली कि इसका वीजा कई वर्ष पहले समाप्त हो चुका था और उसने उसका नवीनीकरण नहीं कराया था। पुलिस जांच में सामने आया कि यह भारत मेडिकल वीजा पर आया था और इलाज के दौरान दिल्ली में विभिन्न अस्पतालों में रहा। बाद में वह डाबरी इलाके के एक चर्च में अपने मित्र के साथ रहने लगा और वहां धार्मिक भाषण देने लगा था। वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद उसने भारत नहीं छोड़ा और न ही इसके लिए उसने आवेदन किया था।

हाल ही में निर्माण कार्य के कारण उसने चर्च छोड़ा और महावीर एन्क्लेव में अपने परिचितों के साथ रहना शुरू किया, जिस पर पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी। उसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस नाइजीरियाई नागरिक से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके साथ और कोई तो नहीं है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Oct 2025 4:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story