देहरादून के परेड ग्राउंड में 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन, मुख्यमंत्री धामी ने श्रीराम के चरित्र पर डाला प्रकाश

देहरादून के परेड ग्राउंड में 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन, मुख्यमंत्री धामी ने श्रीराम के चरित्र पर डाला प्रकाश
असत्य पर सत्य की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने के लिए हर साल दशहरा पर्व मनाया जाता है। देश भर के तमाम हिस्सों में दशहरा पर्व पर रावण का पुतला दहन करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

देहरादून, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। असत्य पर सत्य की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने के लिए हर साल दशहरा पर्व मनाया जाता है। देश भर के तमाम हिस्सों में दशहरा पर्व पर रावण का पुतला दहन करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

इसी क्रम में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में रावण का 121 फीट ऊंचा पुतला दहन किया गया। परेड ग्राउंड में रावण के साथ ही कुंभकर्ण और मेघनाद के 70 एवं 75 फीट ऊंचे पुतले भी जलाए गए। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के साथ राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की जीत का पर्व है। रावण बुराइयों का प्रतीक था। हमारे समाज में आज भी बुराइयों के तौर पर रावण मौजूद है। इसलिए हर साल इन बुराइयों का दहन किया जाता है। उन्होंने कहा कि हम सबको मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जीवन से सीख और प्रेरणा लेनी चाहिए। श्रीराम ने समाज को एक पुत्र, पिता, भाई के धर्म की शिक्षा दी है।

देहरादून के बन्नू स्कूल, पटेल नगर, और तमाम जगहों पर दशहरा पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए थे। परेड ग्राउंड में बैरिकेड लगाए गए थे। साथ ही वीवीआईपी और वीआईपी के लिए अलग से व्यवस्थाएं की गई थीं।

प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखना और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के सवाल पर गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि फेस्टिवल सीजन चल रहा है और विजयदशमी का पर्व है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग रावण दहन कार्यक्रम के दौरान एकत्र होते हैं। खासकर देहरादून के परेड ग्राउंड समेत तमाम जगहों पर दशहरा पर्व का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसको देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पीएसी की चार कंपनी, थानों में मौजूद पुलिस फोर्स, और बम डिस्पोजल एस्कॉर्ट को भी तैनात किया गया है ताकि बेहतर और सुरक्षित ढंग से सभी कार्यक्रम स्थलों को चेक कर लिया जाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2025 8:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story