राजनीति: झारखंड भाजपा 13 अप्रैल से चलाएगी अंबेडकर सम्मान अभियान, मरांडी बोले - 'बाबा साहेब के विचार जन-जन तक पहुंचाएंगे'

झारखंड भाजपा 13 अप्रैल से चलाएगी अंबेडकर सम्मान अभियान, मरांडी बोले - बाबा साहेब के विचार जन-जन तक पहुंचाएंगे
भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई 13 अप्रैल से ‘अंबेडकर सम्मान अभियान’ चलाकर पूरे राज्य में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के विचारों का प्रचार करेगी।

रांची, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई 13 अप्रैल से ‘अंबेडकर सम्मान अभियान’ चलाकर पूरे राज्य में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के विचारों का प्रचार करेगी।

अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर 13 अप्रैल को इस अभियान की शुरुआत होगी और यह 25 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस दौरान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों में गोष्ठियां आयोजित होंगी।

इस अभियान को लेकर शुक्रवार को रांची में झारखंड प्रदेश भाजपा ने एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें पार्टी के सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों के अलावा अभियान संचालन टोली से जुड़े नेता-कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार बाबा साहेब के विचारों के अनुरूप अंत्योदय के कार्यों को तेजी से धरातल पर उतार रही है। वर्षों तक हाशिए पर रखा गया दलित समाज तेजी से मुख्यधारा में जुड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सबसे लंबे समय तक शासन किया, लेकिन उसने बाबा साहेब के सपनों और विचारों को बार-बार रौंदा। देश की बड़ी आबादी, दलित समाज को मुख्यधारा से कभी जुड़ने नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व यह जानता था कि बाबा साहेब के विचारों का देश में प्रचार होगा तो कांग्रेस का देश विरोधी और दलित विरोधी चेहरा उजागर होगा। कांग्रेस ने बाबा साहब को बार-बार अपमानित किया। उन्हें संविधान सभा में नहीं आने देने का षड्यंत्र रचा, उन्हें दो बार चुनाव हराने की साजिश रची गई।

भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब और संविधान का सम्मान तो नहीं कर सकी, लेकिन उनके नाम पर राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है। आज समाज जागृत हो रहा तो यह साबित हो रहा है कि बाबा साहेब अंबेडकर कांग्रेस के पाखंडी विचारों के घोर विरोधी थे। उन्होंने कहा कि अंबेडकर सम्मान अभियान के दौरान हमें बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

झारखंड विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर को जीवनपर्यंत अपमानित करने वाली कांग्रेस पार्टी ने उनकी मृत्यु के बाद दो गज जमीन भी दिल्ली में समाधि के लिए उपलब्ध नहीं कराई। अपनी जिंदगी में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने ‘भारत रत्न’ खुद ले लिया, लेकिन बाबा साहेब की याद उन्हें नहीं आई।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि ‘अंबेडकर सम्मान अभियान’ एक वैचारिक आंदोलन है, जिसे जन-जन तक पहुंचना है और कांग्रेस पार्टी के झूठे दुष्प्रचार को उजागर करते हुए सच्चाई से जनता को अवगत कराना है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान जिलों और प्रखंडों में अंबेडकर की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। बड़े पैमाने पर जन संपर्क अभियान चलाया जाएगा। सेवा बस्तियों में फल-भोजन आदि का वितरण किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2025 8:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story