अपराध: झारखंड के पलामू टाइगर रिजर्व में वन्य जीवों का शिकार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, नौ गिरफ्तार, 13 फरार

झारखंड के पलामू टाइगर रिजर्व में वन्य जीवों का शिकार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, नौ गिरफ्तार, 13 फरार
झारखंड के वन विभाग ने लातेहार-पलामू जिला स्थित बेतला-पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में वन्य जीवों का शिकार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

लातेहार, 20 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के वन विभाग ने लातेहार-पलामू जिला स्थित बेतला-पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में वन्य जीवों का शिकार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

विभाग की विशेष टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि 13 आरोपी फरार होने में सफल रहे। यह जानकारी पीटीआर के उप निदेशक प्रजेश जैन ने प्रेसवार्ता में दी।

बताया गया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ भरठुआ बंदूकें, एक फरसा, 400 ग्राम बारूद, 14 ग्राम गंधक, एक टाइगर ट्रैप, 15-15 फीट के दो बड़े फंदे और जंगली जानवरों की हड्डियां बरामद की गई हैं।

वन विभाग की कार्रवाई की शुरुआत 19 अगस्त को हुई थी, जब नावागढ़ निवासी सरफुदीन मियां को वन क्षेत्र में बारूद और गंधक बेचते गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि यह सामग्री वह शिकारियों को उपलब्ध कराता है।

सरफुदीन ने स्वीकार किया कि उसने गारू थाना क्षेत्र के कुई ग्राम निवासी तपेश्वर सिंह को भारी मात्रा में बारूद उपलब्ध कराई है। इसके बाद बुधवार की सुबह करीब तीन बजे लातेहार के कुई गांव में छापामारी की गई, जहां से तपेश्वर को एक भरठुआ बंदूक के साथ गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में तपेश्वर ने कबूल किया कि वह वर्षों से गिरोह के साथ मिलकर पीटीआर के जंगलों में शिकार करता रहा है। उसने यह भी स्वीकार किया कि करीब दस वर्ष पहले गारू के चंदवा चट्टान क्षेत्र में एक बाघ का शिकार किया गया था। उसकी निशानदेही पर आगे की छापामारी में कुल नौ शिकारियों को गिरफ्तार कर लातेहार जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सरफुदीन मियां, तपेश्वर सिंह, रामसुंदर तुरी, झमन सिंह, कईल भुइयां, अजित सिंह, हरिचरण सिंह, रमन सिंह और पारसनाथ सिंह शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि गिरोह वर्षों से सक्रिय था और संगठित नेटवर्क के जरिए शिकार करता था। गिरोह के 13 आरोपियों की तलाश जारी है। इस अभियान के लिए वन विभाग की ओर से दो टीमें बनाई गई थीं।

कार्रवाई पीटीआर साउथ के उपनिदेशक कुमार आशीष और पीटीआर नॉर्थ के उपनिदेशक प्रजेश जैन की निगरानी में हुई। गिरोह के पकड़े जाने के बाद जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Aug 2025 8:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story