त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत, रांची रेल मंडल से 14 स्पेशल ट्रेनें

त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत, रांची रेल मंडल से 14 स्पेशल ट्रेनें
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे महापर्वों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंडल प्रशासन ने घोषणा की है कि इस बार कुल 14 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख गंतव्यों तक संचालित होंगी।

रांची, 22 सितंबर (आईएएनएस)। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे महापर्वों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंडल प्रशासन ने घोषणा की है कि इस बार कुल 14 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख गंतव्यों तक संचालित होंगी।

मंडल की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रांची रेल मंडल से पहली बार इतनी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी अनुसार तैयारियां की गई हैं। त्योहारी सीजन में पटना, गया, दरभंगा, वाराणसी, इलाहाबाद और गोरखपुर जैसे शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनका शेड्यूल शीघ्र ही जारी किया जाएगा।

इसके अलावा नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त बोगियां जोड़ी जाएंगी, ताकि यात्रियों को टिकट और सीट की कमी से परेशानी न उठानी पड़े। रेलवे ने मंडल के सभी स्टेशनों पर त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति बनाई है। बड़े स्टेशनों पर टास्क फोर्स तैनात की जाएगी। आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों की तैनाती होगी। गेट मैनेजमेंट और प्लेटफॉर्म व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी त्योहारी अवधि में स्वयं स्टेशनों की व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे और प्रमुख स्टेशनों पर विशेष ड्यूटी देंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को किसी भी समय असुविधा न हो और सभी ट्रेनें समय पर संचालित हों।

उम्मीद जताई जा रही है कि इन प्रबंधों से लाखों यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से सुगम यात्रा के लिए अग्रिम टिकट बुकिंग कराने की अपील की है। साथ ही बिना टिकट यात्रा से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अधिकारियों या सुरक्षा बल को देने का आग्रह किया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Sept 2025 7:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story