राजनीति: छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड 1.45 लाख टन धान की हुई खरीद उपमुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर, 25 जनवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को बताया कि इस बार राज्य में धान की रिकॉर्ड खरीद हुई है। इसके अलावा, उन्होंने नगर निगम चुनाव और राम वनगमन पथ समेत कई मुद्दों पर जानकारी दी।
अरुण साव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य में 1.45 लाख टन धान की खरीदी हुई है, जो अब तक सबसे अधिक है। यह उपलब्धि बताती है कि राज्य की विष्णु देव साय सरकार किसानों के हित में समर्पित है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी धान खरीदी को लेकर शुरू से ही भ्रम फैला रही थी और झूठ बोलने का काम कर रही थी। रिकॉर्ड तोड़ धान खरीदी कांग्रेस के अफवाहों का करारा जवाब है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके परिश्रम से छत्तीसगढ़ का नाम देश और दुनिया में खेती में आगे बढ़ रहा है।
नगर निकाय चुनावों को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में प्रवेश कर लिया है। मंडल चुनाव समिति, जिला चुनाव समिति, संभाग स्तरीय समिति और प्रदेश की बैठकें हो चुकी हैं और कभी भी प्रत्याशियों की सूची घोषित की जा सकती है।
राम वनगमन पथ पर बन रही कमेटी को लेकर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कभी किसी को नहीं छोड़ा है, चाहे वह भगवान महादेव का नाम हो या राम का विषय। जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
विपक्षी दल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज घबराई हुई है और जनता का समर्थन खो चुकी है। वह समझ रही है कि छत्तीसगढ़ की जनता उन्हें अब सत्ता में वापस नहीं आने देगी। इस कारण कांग्रेस अब अपने घरों में बैठी हुई है और चुनाव की तैयारी नहीं कर रही है।
धर्मांतरण के मुद्दे पर अरुण साव ने कहा कि उनकी सरकार इस पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जो भी कदम उठाए जा रहे हैं, वह इस पर नियंत्रण के लिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में और कठोर कानून बनाने की आवश्यकता पड़ी, तो सरकार उसे लागू करेगी। कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में धर्मांतरण के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने खुलेआम धर्मांतरण कराया था, और अब दूसरों को सलाह देने से पहले उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jan 2025 7:54 PM IST