अपराध: मुंबई 1993 दंगों के मामले में 32 साल से फरार आरोपी वडाला से गिरफ्तार

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने 1993 के सांप्रदायिक दंगों के एक हाई-प्रोफाइल मामले में पिछले 32 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है।
वडाला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने आरोपी की पहचान आरिफ अली हशमुल्ला खान (54) के रूप में की है। यह गिरफ्तारी मुंबई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित और फरार आरोपियों की तलाशी अभियान के तहत हुई है।
1993 में मुंबई में हुए सांप्रदायिक दंगों के दौरान आरिफ अली हशमुल्ला खान के खिलाफ गंभीर आरोप दर्ज किए गए थे। इनमें हत्या का प्रयास, गैरकानूनी रूप से एकत्र होना और अन्य अपराधों से संबंधित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। दंगों के बाद खान फरार हो गया था और स्थानीय अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में लंबे समय से कोई सुराग नहीं मिल रहा था। हालांकि, हाल ही में मुंबई पुलिस ने फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया। इस अभियान के तहत एक पुलिस टीम उत्तर प्रदेश गई, जहां आरोपी खान के छिपे होने की संभावना थी। वहां मिले सुरागों और एक विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने मुंबई के वडाला इलाके में स्थित दिन बंधूनगर अन्टॉप हिल से हशमुल्ला खान को गिरफ्तार कर लिया।
यह गिरफ्तारी सटीक खुफिया जानकारी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। हशमुल्ला खान को गिरफ्तार करने के बाद उसे स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस गिरफ्तारी को मुंबई पुलिस की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। वहीं मुंबई पुलिस आयुक्त ने सभी थानों को निर्देश दिए हैं कि पुराने और गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि अन्य संलिप्त व्यक्तियों का भी पता लगाया जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2025 10:36 PM IST