रांची-टाटा हाईवे पर ग्रामीणों से भरी पिकअप वैन पलटी, चार की मौत, 20 से ज्यादा घायल

रांची-टाटा हाईवे पर ग्रामीणों से भरी पिकअप वैन पलटी, चार की मौत, 20 से ज्यादा घायल
झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

रांची, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा बुंडू थाना क्षेत्र में उस वक्त हुआ, जब आदिवासी संगठनों की ओर से बुलाई गई जन आक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप सवारी वैन रांची-टाटा हाईवे पर गोसाईडीह गांव के पास पलट गई।

पुलिस के अनुसार, पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में पलट गया। वाहन में ऊपर और नीचे बैठे कई लोग उसके नीचे दब गए। इस हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान ब्रजकिशोर मुंडा (35), रासबिहारी मुंडा (45), डोमन सिंह मुंडा (48), और जगरनाथ सिंह मुंडा (55) के रूप में की गई है। सभी मृतक बुंडू थाना क्षेत्र के सिगिद और ऊपर बालालौंग गांव के निवासी थे। इसकी सूचना मिलते ही बुंडू थाने के प्रभारी रामकुमार वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से बुंडू अनुमंडल अस्पताल भेजा।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रिम्स, रांची रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बुंडू एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा, बीडीओ सावित्री कुमारी और अंचलाधिकारी हंस हेंब्रोम भी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस आदि की तत्काल व्यवस्था कराई।

विधायक विकास कुमार मुंडा ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक है। आदिवासी समाज ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुंडू के ताऊ मैदान में प्रस्तावित जन आक्रोश रैली को स्थगित कर दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 Oct 2025 7:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story