राजनीति: बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों के लिए किसानों को मिलेगा 20,000 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा भगवंत मान

मोहाली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक हुई। बैठक में बाढ़ प्रभावितों के लिए कई अहम फैसले लिए गए। सीएम भगवंत मान अस्पताल में भर्ती हैं। वह अस्पताल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट मीटिंग में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि बाढ़ के कारण बर्बाद हुई फसलों के लिए किसानों को 20,000 रुपए प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाएगा। बाढ़ के कारण किसानों की जमीनों में रेत भर गई है, इसलिए पंजाब सरकार 'जिसका खेत, उसकी रेत' योजना लागू करने जा रही है।
इस योजना से किसान इस रेत और मिट्टी को अपने खेत से निकाल सकते हैं। वे इसे बेच भी सकते हैं या अपने निजी काम के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने सहकारी बैंकों से कर्ज लिया है, उनकी किश्तों में अगले 6 महीने तक छूट दी गई है। साथ ही बाढ़ के कारण जिन लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है, उन्हें 4 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान और चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। शहरों में साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्कूल और कॉलेज पर उन्होंने कहा कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए स्कूल और कॉलेजों की इमारतों का सर्वे कराकर उनकी मरम्मत की जाएगी। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल के माध्यम से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि मुझे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी और मैं फिर से आप सभी के बीच आऊंगा। हमारी सरकार हर मुश्किल घड़ी में पंजाब के सभी लोगों के साथ खड़ी रहने के लिए प्रतिबद्ध है। संकट की इस घड़ी में पंजाब सरकार पंजाबियों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद करेगी।"
उन्होंने कहा कि गांवों में लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए चिकित्सा दल भेजे जाएंगे। मच्छरों से बचाव के लिए स्प्रे फॉगिंग मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
पंजाब में आई बाढ़ के बाद किसानों और लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बाढ़ का पानी कम होने के बाद शहर में बीमारी का खतरा बढ़ रहा है और गंदगी फैली हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2025 6:48 PM IST