बिहार चुनाव 2025 जमालपुर में बदलेगा सियासी मिजाज या कांग्रेस रखेगी सीट बरकरार?

बिहार के मुंगेर जिले में स्थित जमालपुर विधानसभा क्षेत्र अपनी राजनीतिक विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास के लिए जाना जाता है। 1951 में स्थापित यह क्षेत्र मुंगेर लोकसभा सीट के छह विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यहां मतदाता अलग-अलग विचारधाराओं वाले दलों को समर्थन देते आए हैं।

पटना, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर जिले में स्थित जमालपुर विधानसभा क्षेत्र अपनी राजनीतिक विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास के लिए जाना जाता है। 1951 में स्थापित यह क्षेत्र मुंगेर लोकसभा सीट के छह विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यहां मतदाता अलग-अलग विचारधाराओं वाले दलों को समर्थन देते आए हैं।

जमालपुर विधानसभा क्षेत्र में अब तक हुए 17 चुनावों में कई दलों ने अपनी जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने इस सीट पर चार बार कब्जा जमाया, जिसमें 2020 की जीत 58 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आई। जनता दल (यूनाइटेड) ने भी चार बार जीत हासिल की, जबकि जनता पार्टी और जनता दल ने दो-दो बार इस सीट पर परचम लहराया।

संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, भाकपा, भारतीय जनसंघ (वर्तमान में भाजपा), लोकदल और राजद ने एक-एक बार इस सीट पर जीत दर्ज की। यह विविधता जमालपुर के मतदाताओं की खुली सोच और बदलते राजनीतिक रुझानों को दर्शाती है।

कांग्रेस की जीत के पहले इस सीट पर 2005 से लेकर 2020 तक जदयू का कब्जा रहा।

जमालपुर, मुंगेर से मात्र 9 किलोमीटर दक्षिण में गंगा नदी के तट पर बसा हुआ एक छोटा, लेकिन महत्वपूर्ण शहर है। इसे अक्सर मुंगेर का जुड़वां शहर कहा जाता है। अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, पहाड़ियों से घिरे सुहावने वातावरण और आध्यात्मिक महत्व के कारण जमालपुर ध्यान और शांति की तलाश करने वालों के लिए आदर्श स्थान माना जाता है।

जमालपुर का इतिहास प्राचीन मुंगेर से छोटा, लेकिन उतना ही महत्वपूर्ण है। 1862 में अंग्रेजों ने इसे एक रेलवे बस्ती के रूप में बसाया, जिसके केंद्र में प्रसिद्ध ब्रिटिशकालीन लोकोमोटिव वर्कशॉप स्थापित हुआ। यह वर्कशॉप आज भी जमालपुर की पहचान है। भारतीय यांत्रिक एवं विद्युत अभियांत्रिकी संस्थान की स्थापना ने इस शहर को तकनीकी और शैक्षिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण बनाया।

जमालपुर का सुहावना वातावरण और पहाड़ियों से घिरा प्राकृतिक सौंदर्य इसे पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाता है। यहां का शांत माहौल शहर की भागदौड़ से दूर सुकून की तलाश करने वालों के लिए आदर्श है। ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए यह स्थान विशेष रूप से उपयुक्त माना जाता है।

जमालपुर पहाड़ी पर स्थित काली पहाड़ और मां यमला काली मंदिर, जो महाभारत काल से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं के कारण श्रद्धालुओं के बीच खासा प्रसिद्ध हैं, इस क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा हैं। कहा जाता है कि पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान इस मंदिर में पूजा की थी, जिससे इसका ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है।

जमालपुर के निकट स्थित मुंगेर किला विभिन्न राजवंशों के शासनकाल की गवाही देता है और क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को दर्शाता है। यह किला गंगा नदी के दक्षिणी तट पर एक चट्टानी पहाड़ी पर स्थित है और गुलाम वंश के प्रारंभिक काल से जुड़ा हुआ माना जाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Oct 2025 6:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story