दीपोत्सव 2025 अयोध्या में बना विश्व रिकॉर्ड, 26 लाख दीपों से जगमग हुई रामनगरी

दीपोत्सव 2025  अयोध्या में बना विश्व रिकॉर्ड, 26 लाख दीपों से जगमग हुई रामनगरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने रामनगरी में रविवार को अपना पुराना सभी रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2017 में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव का आयोजन कराया और साल दर साल इसे नई ऊंचाइयां दीं।

अयोध्या, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने रामनगरी में रविवार को अपना पुराना सभी रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2017 में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव का आयोजन कराया और साल दर साल इसे नई ऊंचाइयां दीं।

दीपोत्सव ने प्रतिवर्ष नया कीर्तिमान स्थापित किया। योगी सरकार के नौवें और 500 वर्ष बाद मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अपने महल में विराजमान होने के दूसरे दीपोत्सव में अयोध्या ने फिर से दो नए रिकॉर्ड बनाए। नया कीर्तिमान बनाते हुए दीपोत्सव 2025 में 26,17,215 (26 लाख, 17 हजार 215) दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

पिछले वर्ष 2024 में प्रभु की नगरी 25,12,585 दीपों से जगमगाई थी। वहीं, दूसरा रिकॉर्ड सरयू मैया की आरती का रहा, जहां इस वर्ष एक साथ 2,128 वेदाचार्यों, अर्चकों व साधकों ने सरयू मैया की आरती की। ड्रोन से की गई दीपों की गणना के उपरांत दीपोत्सव ने नया कीर्तिमान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या के प्रति प्रतिबद्धता ने फिर से रामनगरी को वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज कराया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस 'भव्य दीपोत्सव' को देखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन को फिर से विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया।

कीर्तिमान रचने में योगी सरकार के नेतृत्व में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, इससे जुड़े महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों के शिक्षकों व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पर्यटन-संस्कृति, सूचना विभाग समेत सभी ने अहम भूमिका निभाई।

दीप प्रज्ज्वलन का नियत समय शुरू होते ही 'श्री राम जय राम जय जय राम' के जयघोष के साथ एक-एक कर 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाए गए। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी।

पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रमाण पत्र सौंपा। योगी आदित्यनाथ ने दोनों प्रमाण पत्र ऊपर उठाकर सभी का अभिवादन करते हुए प्रसन्नता जाहिर की।

अयोध्या से गोरक्षपीठ के प्रगाढ़ रिश्तों को मूर्त रूप देते हुए मुख्यमंत्री ने 2017 से दीपोत्सव का आयोजन अनवरत जारी रखा। इस नौवें संस्करण में सबसे अधिक दीप प्रज्ज्वलन का रिकॉर्ड कायम किया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Oct 2025 10:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story