एशेज 2025-26 बेन स्टोक्स लगा सकते हैं 'स्पेशल फिफ्टी', आस-पास भी नहीं कोई दूसरा बल्लेबाज

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। टेस्ट क्रिकेट की सर्वाधिक रोमांचक सीरीज एशेज की शुरुआत 21 नवंबर से पर्थ में हो रही है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही देशों के शीर्ष खिलाड़ी उम्दा प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के लिए सीरीज जीतने की भरपूर कोशिश करेंगे। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स आगामी एशेज में एक अनूठा रिकॉर्ड बना सकते हैं।
पहली एशेज सीरीज 1882-83 में खेली गई थी। इसके बाद हर दो साल के बाद इस प्रतिष्ठित सीरीज का आयोजन होता है। एशेज के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के मौजूदा कप्तान बेन स्टोक्स के नाम है। बेन स्टोक्स ने 2013 से 2023 के बीच 24 टेस्ट मैचों की 45 पारियों में 4 शतक और 8 अर्धशतक लगाते हुए 1,562 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 39 छक्के लगे हैं। इतने छक्के एशेज के इतिहास में इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया किसी भी देश के बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं। अगर 5 टेस्ट मैचों की अगली सीरीज में स्टोक्स 11 छक्के और लगा पाते हैं, तो एशेज के इतिहास में 50 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
एशेज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में स्टोक्स के बाद इंग्लैंड के ही केविन पीटरसन (24 छक्के) हैं। स्टीव स्मिथ (21 छक्के) और इयान बॉथम (20 छक्के) क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
इंग्लैंड टीम 2021-22 में आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया आई थी। 5 टेस्ट मैचों की सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से जीती थी। आखिरी सीरीज 2023 में इंग्लैंड में खेली गई थी। 2-2 से सीरीज ड्रा रही थी। इंग्लैंड ने आखिरी बार एशेज 2015 में जीती थी। इंग्लैंड ने अपने घर में सीरीज 3-2 से जीती थी। 10 साल बाद इंग्लैंड की कोशिश ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एक बार फिर चैंपियन बनने की होगी। इंग्लैंड ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में 2010-11 की सीरीज में हराया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Nov 2025 8:46 PM IST












