राजनीति: झारखंड 2,400 रुपये क्विंटल की दर पर धान की खरीद शुरू, पहले ही दिन उमड़ी भीड़

झारखंड  2,400 रुपये क्विंटल की दर पर धान की खरीद शुरू, पहले ही दिन उमड़ी भीड़
झारखंड में किसानों से सरकारी स्तर पर धान की खरीदारी रविवार से शुरू हो गई। राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने जामताड़ा जिले के निजामपुरा में धान खरीदारी केंद्र का उद्घाटन करते हुए ऐलान किया कि इस वर्ष किसानों को प्रति क्विंटल धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा 200 रुपये का बोनस दिया जाएगा। सामान्य धान पर उन्हें प्रति क्विंटल बोनस सहित 2,400 रुपये और ग्रेड-ए धान के लिए 2,420 रुपये का भुगतान किया जाएगा।

रांची, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। झारखंड में किसानों से सरकारी स्तर पर धान की खरीदारी रविवार से शुरू हो गई। राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने जामताड़ा जिले के निजामपुरा में धान खरीदारी केंद्र का उद्घाटन करते हुए ऐलान किया कि इस वर्ष किसानों को प्रति क्विंटल धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा 200 रुपये का बोनस दिया जाएगा। सामान्य धान पर उन्हें प्रति क्विंटल बोनस सहित 2,400 रुपये और ग्रेड-ए धान के लिए 2,420 रुपये का भुगतान किया जाएगा।

मंत्री इरफान अंसारी ने किसानों से धान की फसल बिचौलियों की बजाय सरकारी केंद्रों पर बेचने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य में उपजाई गई धान की फसल राज्य में ही रहेगी। इसे पश्चिम बंगाल या दूसरे राज्यों में नहीं जाने दिया जाएगा। राज्य में पिछले साल की तरह इस बार भी कुल 60 लाख क्विंटल धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बताया गया कि राज्य भर के किसानों से धान खरीद के लिए कुल 699 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 112 केंद्रों पर रविवार को खरीद शुरू हो गई है। पहले ही दिन इन केंद्रों पर कई किसान अपनी फसल लेकर पहुंचे। सरकार धान बेचने वाले किसानों को कुल समर्थन की 50 फीसदी राशि खरीदारी के साथ भुगतान करेगी। शेष 50 फीसदी एवं बोनस की राशि इन केंद्रों से राइस मिलों द्वारा धान का उठाव होने या जिला स्तर पर बनाए गए गोदाम में पहुंचाने के बाद दी जाएगी।

सरकारी केंद्रों पर धान की बिक्री के लिए अब तक दो लाख 33 हजार से ज्यादा किसानों ने निबंधन कराया है। सरकार की ओर से तय पैमाने के अनुसार, एक किसान से अधिकतम 200 क्विंटल धान की खरीद की जाएगी। यह सीमा इसलिए तय की गई है कि ज्यादा से ज्यादा छोटे किसानों को लाभान्वित किया जा सके।

सरकार की ओर से किए गए प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस वर्ष 41.38 लाख टन धान का उत्पादन हुआ है। करीब 15.48 लाख हेक्टेयर में धान की फसल लगाई गई थी। साल 2023 में राज्य में 32.10 लाख टन धान की उपज हुई थी।

खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने धान खरीद केंद्र का उद्घाटन करने के बाद कहा कि राज्य में पीडीएस और लैम्पस के सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Dec 2024 7:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story