राष्ट्रीय: हम भी खिलाड़ी हैं, लेकिन राजनीति में शतरंज खेलते हैं सीएम देवेंद्र फडणवीस

नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नागपुर में शनिवार को 'नागरी सम्मान सोहला' समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला दिव्या देशमुख को सम्मानित किया। उन्हें सीएम फडणवीस ने 3 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार दिए।
सीएमओ महाराष्ट्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि भव्य 'नागरी सम्मान सोहला' समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों 2025 फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख का अभिनंदन किया गया।
इस दौरान सीएम देवेंद्र फडणवीस ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हम भी शतरंज के खिलाड़ी हैं, लेकिन हम शतरंज राजनीति में खेलते हैं। राजनीति में शतरंज खेलते वक्त हम भी नॉकआउट करते हैं और चेकमेट करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में दिव्या के अभिनंदन का प्रस्ताव पारित किया गया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि दिव्या देशमुख ने भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया और विश्व शतरंज चैंपियनशिप जीती, इसीलिए आज उन्हें महाराष्ट्र सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र सरकार ने 19 साल की एक लड़की को तीन करोड़ रुपए का पुरस्कार दिया है, जिसने भारत की पहली ग्रैंडमास्टर महिला बनकर इतिहास रच दिया है और सही मायनों में भारत को भविष्य में उनसे बहुत उम्मीदें हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी दिव्या देशमुख विभिन्न प्रतियोगिताओं में भारत का नाम ऊंचा करेंगी। अब तक शतरंज में चीनी महिलाओं का दबदबा था, लेकिन इस बार भारत की दोनों प्रतियोगी फाइनल प्रतियोगिता में पहुंचीं।
उन्होंने कहा कि मेरा दृढ़ मत है कि महाराष्ट्र में मराठी सीखी जानी चाहिए। हमने इसे अनिवार्य कर दिया है। मैं भारतीय भाषाओं का विरोध करने और अंग्रेजी भाषाओं को नीचा दिखाने की मानसिकता के खिलाफ हूं।
इस मौके पर महाराष्ट्र के खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे, राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, विधायक कृष्णा खोपड़े, विधान पार्षद डॉ. परिणय फुके और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Aug 2025 9:45 PM IST