भारत ने 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान के तहत हासिल किए 3 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, प्रधानमंत्री ने दी बधाई
नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान के तहत 3 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स हासिल किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि यह बहुत ही सराहनीय है। ऐसे जन-आंदोलन महिला सशक्तिकरण के हमारे प्रयासों को गति देते हैं और हमारी नारी शक्ति के जीवन में परिवर्तनकारी प्रभाव डालते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जीपी नड्डा के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में, स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान ने तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। निवारक और महिला-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम, हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण।
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक रिकॉर्ड-तोड़ उपलब्धि।
भारत ने राष्ट्रव्यापी स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स खिताब हासिल किए हैं, जो निवारक और महिला-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
उन्होंने लिखा कि पोषण माह के साथ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार, शीघ्र पहचान सुनिश्चित करना, आवश्यक स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच सुनिश्चित करना और एक स्वस्थ भारत के लिए परिवारों को सशक्त बनाना है। इस अभियान के तहत सभी जिलों में 19.7 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 11 करोड़ से अधिक लोगों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और सेवा एवं भारत प्रथम की भावना से प्रेरित होकर, यह उपलब्धि एक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और विकसित भारत की दिशा में एक गौरवपूर्ण कदम है।
भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लिखा कि रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियों के माध्यम से एक स्वस्थ और सशक्त भारत का जश्न।
भारत ने राष्ट्रव्यापी अभियान 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' (एसएनएसपीए) के तहत तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स खिताब हासिल किए हैं, जो निवारक और महिला-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान, एक स्वस्थ महिला, सशक्त परिवार और विकसित भारत के निर्माण हेतु मजबूत सरकारी प्रणालियों, डिजिटल स्वास्थ्य नवाचारों और सक्रिय सामुदायिक भागीदारी को एकीकृत करने के भारत के सामूहिक प्रयास का प्रमाण है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Nov 2025 9:04 PM IST












