अपराध: रांची में अवैध करेंसी के कारोबार का खुलासा, 500 रुपए के जाली नोटों के साथ एक गिरफ्तार

रांची, 12 जून (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार का खुलासा किया है। एक व्यक्ति के घर में छापेमारी कर 500 रुपए के 37 जाली नोट जब्त किए गए हैं। आरोपी व्यक्ति का नाम सुभाष कुमार है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का मानना है कि सुभाष अवैध करेंसी बनाने-चलाने वाले किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस को यह सफलता मो. जमाल नाम के व्यक्ति द्वारा दिए गए एक आवेदन पर जांच के दौरान मिली। मो. जमाल ने आवेदन में बताया कि शहर के सुधा कॉम्प्लेक्स में उनकी मोबाइल की दुकान है। बुधवार को एक नाबालिग लड़का उनकी दुकान पर आया। उसने 3,500 रुपए का एक मोबाइल खरीदा। उसने 500 रुपए के सात नोट दिए। नोटों की गिनती करते हुए ध्यान से देखने पर पता चला कि सभी नोट नकली थे। कई नोटों का सीरियल नंबर एक ही सीरीज के थे।
उसने आसपास के अन्य दुकानदारों को इसकी सूचना दी और लड़के से पूछताछ की। उसने बताया कि उसके पिता सुभाष प्रसाद के पास ऐसे कई नोट हैं। पुलिस ने आवेदन मिलते ही नामकुम थाना क्षेत्र के कालीनगर निवासी सुभाष प्रसाद के आवास की तलाशी ली।
इस दौरान बिस्तर के नीचे से पांच-पांच सौ 29 जाली नोट बरामद हुए। इन नोटों में भी कई पर एक ही नंबर था। इसके बाद सुभाष प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस जाली नोट के नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इसके पहले अप्रैल महीने में झारखंड के साहिबगंज जिले में रेलवे पुलिस ने बरहड़वा स्टेशन से तीन लोगों को चार लाख 12 हजार रुपए के जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो पंजाब और एक झारखंड का निवासी था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Jun 2025 9:12 PM IST