दुर्घटना: मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान हादसा, हाईटेंशन तार गिरने से एक व्यक्ति की मौत, 5 झुलसे

मुंबई, 7 सिंतबर (आईएएनएस)। मुंबई में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान एक हाईटेंशन तार गणपति ट्रॉली पर गिर गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो नाबालिगों सहित 5 अन्य लोग झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना खैरानी रोड पर गजानन मित्र मंडल के विसर्जन जुलूस के दौरान हुई। जब जुलूस साकीनाका पुलिस स्टेशन क्षेत्र में खैरानी रोड पर संमन होटल के पास पहुंचा, तो गणपति ट्रॉली से तार हटाने की कोशिश के दौरान 6 लोगों को बिजली का झटका लगा। अधिकारियों के अनुसार, घटना में झुलसे 5 लोगों को साकीनाका के पैरामाउंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है।
एक अन्य व्यक्ति को अंधेरी (पूर्व) के सेवन हिल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय बिनु सुकुमारन के रूप में हुई, जो खैरानी रोड इलाके का निवासी था। घायलों में धर्मराज सुखदेव गुप्ता (49), तुषार दिनेश गुप्ता (20) और शंभु नव नाथ कामी (20) के अलावा एक 14 वर्षीय करण कनोजिया और 6 साल का बच्चा अनुष गुप्ता शामिल है।
इससे पहले, कर्नाटक के विजयपुरा में भी इस तरह की एक घटना हुई है। हफ्ते की शुरुआत में विजयपुरा में गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। यह दुर्घटना डोबले गली के पास गांधी चौक पर हुई, जब तीनों लोग लाठी से बिजली के तार को हटा रहे थे। इसी दौरान वाहन और डीजे सिस्टम तार की चपेट में आ गए।
मरने वाले की पहचान रामप्रसाद गली निवासी शिवाजी उर्फ शुभम सकपाल (21) के रूप में हुई, जबकि लखन चव्हाण और प्रभु जगते को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Sept 2025 12:22 PM IST