राष्ट्रीय: झारखंड 50 हजार में बेचे गए नवजात का रेस्क्यू, प्रशासन ने मां-पिता को वापस सौंपा

झारखंड  50 हजार में बेचे गए नवजात का रेस्क्यू, प्रशासन ने मां-पिता को वापस सौंपा
झारखंड के पलामू में एक महिला के पास स्तन की गांठ के इलाज के लिए पैसे नहीं थे, तो उसने एक महीने के नवजात को 50 हजार रुपए में बेच दिया। इसकी जानकारी सामने आते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने रविवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उसे वापस उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।

पलामू, 7 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू में एक महिला के पास स्तन की गांठ के इलाज के लिए पैसे नहीं थे, तो उसने एक महीने के नवजात को 50 हजार रुपए में बेच दिया। इसकी जानकारी सामने आते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने रविवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उसे वापस उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है।

यह वाकया पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोटवा गांव का है। यहां रहने वाली पिंकी देवी ने अपने नवजात बेटे को दलाल के माध्यम से लातेहार के एक निःसंतान दंपती को सौंपा था।

महिला ने बताया कि उनके स्तन में गांठ थी और परिवार के पास इलाज या रोज का खाना जुटाने तक के साधन नहीं थे। इसकी जानकारी सोशल मीडिया से सामने आई। इसपर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद लेस्लीगंज थाने की पुलिस पिंकी देवी के साथ लातेहार पहुंची। जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्ति किए गए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नवजात बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर मां-पिता को सौंप दिया गया।

पिंकी देवी और उनके पति रामचंद्र राम मजदूरी करते हैं। परिवार पांच बच्चों के साथ देवी मंडप के शेड में रहता है। उनके पास राशन कार्ड, आधार कार्ड या जॉब कार्ड जैसे कोई दस्तावेज नहीं हैं, जिस कारण वे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे थे।

पिंकी देवी ने कहा, ''हमारे पास न इलाज का साधन था, न खाना। मैं अपने बच्चे के लिए यह कदम उठाने को मजबूर हुई।'' बच्चा वापस मिलने पर पिंकी और उसका पूरा परिवार खुश है। जिला प्रशासन के निर्देश पर परिवार को राशन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2025 9:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story