पंजाब मोगा पुलिस ने 500 ग्राम हेरोइन के साथ स्कूटी सवार को किया गिरफ्तार

मोगा, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए पंजाब पुलिस मुस्तैद है। मोगा शहर में पुलिस ने बाहरी इलाकों में गश्त तेज की ताकि कोई अराजक तत्व गलत हरकत न कर सके। इसी क्रम में पुलिस ने 500 ग्राम हेरोइन के साथ एक स्कूटी सवार को गिरफ्तार किया है।
थाना सिटी वन के इंचार्ज वरुण कुमार पुलिस पार्टी के साथ जब लोहारा चौक की ओर गश्त कर रहे थे तो एक स्कूटी सवार पुलिस को देखने के बाद गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया और हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी का नाम साहिब सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह है। आरोपी जिला फिरोजपुर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले भी मामले दर्ज हैं।
पंजाब पुलिस इन दिनों राज्य में नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। इस क्रम में पिछले दिनों मोगा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3 किलो अफीम और एक कार सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया था।
डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस द्वारा चलाई जा रही युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम के तहत थाना सिटी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने गांव धलेके रोड लोहारा के पास से एक वेन्यू कार को रोका और तलाशी के दौरान उसमें से 3 किलो अफीम बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केवल सिंह और अर्शदीप सिंह के रूप में हुई। दोनों लुधियाना के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की जांच की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Oct 2025 7:51 PM IST