धर्म: बिना मेहरम के हज के मुकद्दस सफर पर रवाना हुईं 51 महिलाएं, केंद्र सरकार के कारण हुआ संभव

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने महिलाओं के लिए हज यात्रा को आसान बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। अब अकेली महिलाओं को भी बिना किसी 'मेहरम' के हज यात्रा पर जाने की अनुमति दे दी गई है, जो पहले संभव नहीं था। इससे उन महिलाओं को भी हज पर जाने का मौका मिलेगा, जो अकेले यात्रा करना चाहती हैं।
शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट से 51 महिलाओं को हज के लिए रवाना किया गया। हज पर जा रही महिलाएं काफी खुश हैं। इसके अलावा सरकार ने हज यात्रा के दौरान महिलाओं को आर्थिक मदद भी दी है, ताकि वे यात्रा का खर्च आसानी से उठा सकें और उनका अनुभव सुरक्षित और सम्मानजनक बन सके। यह पहल महिलाओं के लिए एक नए युग की शुरुआत है, जहां वे अपने अधिकारों का पूरा इस्तेमाल करते हुए अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकती हैं। मोदी सरकार के ये प्रयास महिलाओं को आजादी और आत्मविश्वास देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहान ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि आज हमारी 51 बहनें हज के मुकद्दस सफर पर बिना मेहरम के जा रही हैं। यह महिला सशक्तिकरण का बहुत बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं सुरक्षा में कमी होने के कारण हिचकिचाती थीं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पूरा समर्थन कर रही है। महिलाओं के लिए ज्यादा से ज्यादा विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं कि महिलाओं की यात्रा सुखद और अच्छी हो।
हज के मुकद्दस सफर पर जाने वाली इशरत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अल्लाह का शुक्र मैं हज करने के लिए जा रही हूं। महिलाएं अब बिना मेहरम के हज करने जा रही हैं, ये केंद्र सरकार की वजह से संभव हो पाया है। हम वहां हिंदुस्तान के लिए दुआएं करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 May 2025 7:33 PM IST