गोवा में भगवान राम की 77 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के बाद एक बार फिर पीएम मोदी सनातन धर्म और राष्ट्र के नाम ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने वाले हैं। 28 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी गोवा के गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ में 77 फुट ऊंची भगवान राम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
गोकर्ण पर्तगाली मठ के 550 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री मोदी कांस्य से बनी 77 फुट ऊंची भगवान राम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। ये प्रतिमा गुजरात की नर्मदा नदी के किनारे बने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तरह होगी। प्रतिमा पर अभी काम जारी है। गोकर्ण पर्तगाली मठ में बनी ये प्रतिमा बेहद खास है, क्योंकि इसका स्वरूप अयोध्या की मूर्ति से काफी मिलता है। इसमें भगवान राम के हाथ में धनुष और बाण हैं और चेहरे पर सौम्यता और दिव्यता का भाव है।
बताया जा रहा है कि प्रतिमा को नोएडा के प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार के मार्गदर्शन में बनाया जा रहा है। इससे पहले राम सुतार ने गुजरात में बनी भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को डिजाइन किया था। अब उन्होंने गोवा की राम मूर्ति को डिजाइन किया है। राम भगवान की मूर्ति के अलावा, एक रामायण थीम पार्क और राम संग्रहालय का निर्माण भी किया जा रहा है।
गोकर्ण पर्तगाली मठ का 550वां साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 550 करोड़ रुपए का राम नाम जप अभियान और भजनी सप्ताह का कार्यक्रम चलाया जाएगा, जोकि 24 नवंबर से शुरू हो चुका है और 31 दिसंबर तक चलेगा। इसके अलावा 11 दिन का उत्सव भी मठ में मनाया जाएगा, जहां भजन कीर्तन और खास पूजा-पाठ का आयोजन होगा।
गोकर्ण पर्तगाली मठ, सारस्वत ब्राह्मण समुदाय के सबसे सम्मानित मठों में से एक है। इसकी स्थापना श्री राम चंद्र तीर्थ ने 1656 ईसवीं में की थी। मठ के अंदर भगवान राम, भगवान लक्ष्मण और मां सीता मुख्य देवता के रूप में पूजे जाते हैं। मठ के परिसर में अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं। देशभर में इस मठ की 33 अलग-अलग शाखाएं बनी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Nov 2025 6:06 PM IST












