10वीं पास युवाओं के लिए शानदार मौका, सीएसआईआर में 43 टेक्नीशियन पदों पर आवेदन शुरू
नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने टेक्नीशियन (1), ग्रुप II के कुल 43 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं। इनमें जनरल के 19, ओबीसी (एनसीएल) के 11, एससी के 6, एसटी के 3 और ईडब्ल्यूएस के 4 पद शामिल हैं।
सीएसआईआर की ओर से टेक्नीशियन पोस्ट के लिए जारी 43 रिक्तियों में कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (सीओपीए) के 21, डेस्कटॉप पब्लिशिंग ऑपरेटर (डीटीपीओ) के 7, कंप्यूटर हार्डवेयर और नेटवर्क मेंटेनेंस (सीएच एवं एनएम) के 5, मेडिकल लैब टेक्नीशियन (एमएलटी) के 2, ड्राफ्ट्समैन (आर्किटेक्चर) के 2, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 2, ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) का 1, ड्राफ्ट्समैन (सिविल) का 1, केमिकल प्लांट में लेबोरेटरी असिस्टेंट (एलएसीपी) का 1 और इंटीरियर डिजाइनर का 1 पद शामिल है।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सीएसआईआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से एसएससी/10वीं कक्षा या इसके बराबर की परीक्षा कम से कम 55 प्रतिशत मार्क्स के साथ पास किए होने चाहिए। इसके साथ ही कैंडिडेट्स के पास संबंधित ट्रेड आईटीआई सर्टिफिकेट या नेशनल/स्टेट ट्रेड सर्टिफिकेट होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, ट्रेड टेस्ट और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 19,900 से 63,200 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाओं/अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग व्यक्तियों/पूर्व सैनिकों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Aug 2026 8:33 PM IST












