इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 11 से 13 अगस्त तक, सीएम योगी 12 को करेंगे दौरा
ग्रेटर नोएडा, 6 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 11 से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार, 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा है। मुख्यमंत्री एक्सपो का उद्घाटन करेंगे और विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन करने के साथ-साथ विशेषज्ञों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी संवाद कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का उद्देश्य "लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना" है। इस आयोजन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा, हरित प्रौद्योगिकी और सतत विकास से जुड़े नवीनतम नवाचारों को एक मंच पर लाया जाएगा।
एक्सपो में देश-विदेश की अग्रणी कंपनियां, उद्योग विशेषज्ञ, नीति निर्माता, वैज्ञानिक और निवेशक भाग लेंगे, जहां भविष्य की ऊर्जा जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण पर व्यापक चर्चा होगी। तीन दिवसीय इस एक्सपो में ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट और अन्य उभरती हुई हरित तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा उद्योगों में निवेश की संभावनाओं, नई तकनीकों के व्यावसायिक उपयोग और सरकारी नीतियों पर भी विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि तथा 15,000 से अधिक उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। इससे नोएडा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा और तकनीकी नवाचारों के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ समय से पूरी की जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन का लक्ष्य इस एक्सपो को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाना है, जिससे उत्तर प्रदेश में हरित ऊर्जा और निवेश को नई गति मिल सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Aug 2026 8:02 PM IST












