'15 साल बाद भी', सचिन तेंदुलकर ने वनडे विश्व कप 2011 की जीत को किया याद
मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। हर क्रिकेटर जब अपनी क्रिकेट की यात्रा शुरू करता है तो उसका सपना अपने देश के लिए विश्व कप जीतना होता है। सचिन तेंदुलकर ने भी भारत के लिए विश्व कप जीतने के सपने के साथ अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी।
सचिन तेंदुलकर ने नवंबर 1989 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। तेंदुलकर के विश्व कप जीतने का सपना उनके डेब्यू के 22 साल बाद 2 अप्रैल 2011 को पूरा हुआ था, जब एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फाइनल में श्रीलंका को हराकर विश्व कप जीता था। भारतीय टीम का यह दूसरा वनडे विश्व कप था।
भारतीय टीम को वनडे विश्व कप 2011 में चैंपियन बनाने में सचिन तेंदुलकर की अहम भूमिका रही थी। इस ऐतिहासिक सफलता के 15 साल पूरे होने पर तेंदुलकर ने एक्स पर एक भावुक वीडियो पोस्ट की है जिसमें वह बल्लेबाजी करते हुए दिख रहे हैं।
तेंदुलकर ने कैप्शन में लिखा है, "पहली गेंद हमेशा आपके दिल की धड़कन बढ़ा देती है, और उस रात, यह कभी नहीं रुका। 15 साल बाद भी, यह हमारे साथ है। हम सभी युवा क्रिकेटरों के एक ग्रुप के तौर पर बड़े हुए, एक ही सपने से जुड़े हुए। इंडिया के लिए विश्व कप जीतना।"
उन्होंने लिखा, "इस सफर का हिस्सा रहे सभी लोगों और सभी फैन्स को इसे हमारे साथ शेयर करने और इसे इतना खास बनाने के लिए धन्यवाद। जय हिंद।"
भारत को वनडे विश्व कप 2011 में चैंपियन बनाने में सचिन तेंदुलकर की अहम भूमिका रही थी। तेंदुलकर टूर्नामेंट के दूसरे श्रेष्ठ स्कोरर रहे थे। तेंदुलकर ने 9 मैचों की 9 पारियों में 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए 482 रन बनाए थे। शीर्ष पर श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान थे, जिन्होंने 9 मैचों में 500 रन बनाए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 10:17 AM IST












