'खामियों, समझौतों, कुर्बानियों और निस्वार्थ प्यार का जश्न', 20 साल बाद सूर्या-ज्योतिका ने फिर रचाई शादी

खामियों, समझौतों, कुर्बानियों और निस्वार्थ प्यार का जश्न, 20 साल बाद सूर्या-ज्योतिका ने फिर रचाई शादी
साउथ सिनेमा के चर्चित कपल अभिनेता सूर्या और अभिनेत्री ज्योतिका ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह के अवसर पर दोबारा शादी दी की। दोनों ने एक निजी समारोह में फिर से कसमें खाईं। दरअसल, कपल ने दोबारा शादी हिंदू रीति-रिवाजों से नहीं बल्कि, क्रिश्चियन वेडिंग की है।

मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के चर्चित कपल अभिनेता सूर्या और अभिनेत्री ज्योतिका ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह के अवसर पर दोबारा शादी दी की। दोनों ने एक निजी समारोह में फिर से कसमें खाईं। दरअसल, कपल ने दोबारा शादी हिंदू रीति-रिवाजों से नहीं बल्कि, क्रिश्चियन वेडिंग की है।

कपल ने 11 सितंबर 2006 को शादी की थी और सितंबर 2026 में अपने 20 साल पूरे किए हैं।

अभिनेत्री ज्योतिका ने समारोह का एक मनमोहक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। वीडियो में ज्योतिका व्हाइट गाउन में अपने बेटे के साथ 'चर्च' की ओर बढ़ती दिख रही हैं, जबकि उनकी बेटी सूर्या के साथ खड़ी हैं। समारोह के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से प्रतिज्ञाएं लीं और भावुक हो गए। वीडियो में उनकी वेडिंग की तस्वीरों का एक मोंटाज भी दिखाया गया है।

ज्योतिका ने सफेद गाउन पहना, जबकि सूर्या सफेद सूट जैकेट और काले पतलून में नजर आ रहे हैं।

अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "20 साल के प्यार और तकरार का जश्न, एक बार फिर से ली गई कसमें।"

उन्होंने आगे लिखा, "यह परफेक्ट शादी का जश्न नहीं है। यह जश्न है खामियों, समझौतों, एक-दूसरे को समझने, कई कुर्बानियों और निस्वार्थ प्यार का। ये जश्न है 'हमारा'। हम एक-दूसरे के लिए जो बन गए हैं, उसका जश्न है।"

उन्होंने आगे लिखा, "यह कितना अजीब है कि एक सपना जो हकीकत से बहुत दूर लगता था, आज वही हकीकत है जिसे मैं पूरी जिंदगी जीना चाहती हूं। तो रही मेरी कसमें- मैं खुश रहने की कसम खाती हूं, क्योंकि मैं जिंदगी का सिर्फ अच्छा पहलू देखना चुनती हूं। मैं जिंदगी का जश्न मनाने की कसम खाती हूं, क्योंकि जिंदगी खुद एक हसीन तोहफा है क्योंकि जब आप किसी ऐसे शख्स से प्यार करते हैं, जो आपको खुद से भी ज्यादा सम्मान करें और कभी शिकायत न करें। मैं कभी शिकायत न करने की कसम खाती हूं।"

अभिनेत्री ज्योतिका का मानना है कि कोई भी रिश्ता परफेक्ट नहीं होता है और हर चीज अधूरी है। उन्होंने लिखा, "देखो, इस दुनिया में हर चीज अधूरी है। क्योंकि इतना विशाल आसमान भी जमीन को छू नहीं सकता है। ये हम पर निर्भर करता है कि उन खाली जगहों को कैसे भरें। मैं शुक्रगुजार हूं, क्योंकि हर सुबह मैं एक ऐसे शख्स की बाहों में उठती हूं जो मेरी हिफाजत करता है और मेरे प्यारे बच्चों के लिए जिन्होंने मेरी जिंदगी को एक मायने दिया है और मुझे जीने की वजह दी है।"

अभिनेत्री ने ईटों से बने मकानों का उदाहरण देते हुए समझाने की कोशिश कि कमियां हर जगह होती है और बस उन्हें बीच बीच ठीक करने की जरूरत होती है। उन्होंने लिखा, "मैं सेहतमंद रहने की कसम खाती हूं, क्योंकि यही एकमात्र असली दौलत है जो हम बनाते हैं। सबसे आलीशान ईंटों के घरों में भी कहीं न कहीं रिसाव, दीमक और मरम्मत की जरूरत तो पड़ती ही है। मैं सबसे अच्छी मां बनने की कसम खाती हूं, इसलिए नहीं कि मैं खाना बनाती हूं, सफाई या फिर मदद करती हूं, बल्कि इसलिए कि मैं मुस्कराती हूं। एक ऐसी मुस्कान जो मेरे बच्चों को वो कहानी फिर से जीने पर मजबूर कर दे जो उनके अम्मा-अप्पा ने जी है।"

अभिनेत्री ने पति सूर्या के लिए लिखा, "मेरे सूर्या, मैं कसम खाती हूं कि हमेशा वही नासमझ पत्नी बनी रहूंगी, जो लड़ती है और फिर मान जाती है, ताकि हर बार तुम्हारे और करीब आ सकूं। मैं सबसे ज्यादा हमारी दोस्ती को संजो कर रखने की कसम खाती हूं, क्योंकि बड़ी किस्मत से मिलता है अपना बराबर वाला, अपना राजदार, अपना गपशप वाला साथी और अपना बेस्ट फ्रेंड, और वह भी एक ही शख्स में जो आपका पति भी है और आपके बच्चों का पिता भी। तो हमारे आने वाले बीस सालों के नाम, अधूरे हम, पर पूरी समझ के साथ।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Sept 2026 9:46 AM IST

Tags

Next Story