मिस्र के राष्ट्रपति और सऊदी क्राउन प्रिंस की मुलाकात, संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर हुई चर्चा
काहिरा, 16 सितंबर (आईएएनएस)। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने काहिरा में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
मंगलवार को हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को और आगे बढ़ाने तथा व्यापार और निवेश के बढ़ते प्रवाह में आ रही रुकावटों को दूर करने पर सहमति जताई। यह जानकारी मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।
बयान के अनुसार, राष्ट्रपति सीसी ने सऊदी अरब की संप्रभुता, स्थिरता और क्षेत्रीय अखंडता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी हमले या धमकी की निंदा की और उन्हें पूरी तरह अस्वीकार किया।
उन्होंने दोहराया कि मिस्र, सऊदी अरब की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों का समर्थन करता है। साथ ही, यमन संकट का व्यापक और स्थायी राजनीतिक समाधान निकालने की कोशिशों के भी पक्ष में है।
वहीं, सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखने में मिस्र की भूमिका की सराहना की। उन्होंने हाल की भू-राजनीतिक चुनौतियों के दौरान सऊदी अरब के प्रति मिस्र के समर्थन और एकजुटता की भी प्रशंसा की।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब यमन के हूती समूह और सऊदी अरब के बीच सीमा पार संघर्ष लगातार तेज हो रहा है।
हूती समूह ने सोमवार को दावा किया था कि उसने सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक प्रमुख सैन्य एयरबेस पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं।
इसके अलावा, पिछले सप्ताह हूती लड़ाकों ने रणनीतिक महत्व वाले मोखा बंदरगाह पर कब्जा कर लिया। इसके बाद वे दक्षिण की ओर बढ़ते हुए बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट क्षेत्र में पहुंचे और मयून द्वीप पर भी नियंत्रण कर लिया। इससे लाल सागर और अदन की खाड़ी को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर उनकी पकड़ और मजबूत हो गई है।
इस बीच, सोमवार को ही सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने जेद्दा में अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर से भी मुलाकात की।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्र की ताजा परिस्थितियों की समीक्षा की और सऊदी अरब तथा अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 11:47 AM IST












