उद्धव ठाकरे की सरकार में दिशा सालियान मौत मामले को जानबूझकर दबाया गया राम कदम
मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा विधायक राम कदम ने दिशा सालियान मौत मामले में संजय राउत द्वारा दिए गए बयान पर पलटवार किया। इसके साथ ही आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहने के दौरान जानबूझकर इस मामले को दबाया गया था।
दिशा सालियान मौत मामले में सीबीआई द्वारा एफआईआर दर्ज करने पर शिवसेना (यूबूटी) सांसद संजय राउत ने बालासाहेब ठाकरे के परिवार को बदनाम करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है। संजय राउत के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक राम कदम ने कहा, "संजय राउत को कम से कम अपना बचाव करने के लिए ऐसे तर्क देने चाहिए जिनका कोई आधार हो। उस समय आप गहरी नींद में सो रहे थे, जब दिशा के पिता बार-बार कह रहे थे कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि परेशान किए जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी? उस समय आप जांच कराने को तैयार नहीं थे और आपकी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी थी।"
राम कदम ने कहा, "सामने आए एक स्टिंग ऑपरेशन में पोस्टमार्टम के समय मौजूद एक कर्मचारी ने बताया कि दिशा के शरीर पर खरोंच के निशान थे। इन सारी बातों को जानबूझकर छिपाया गया। उस दिन उस पार्टी में कौन-कौन शामिल थे, ये भी नहीं पता चला। यहां तक कि दिशा के पिता द्वारा बार-बार सीबीआई जांच करने की मांग को भी ठुकरा दिया था। अब कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए तो आपको (संजय राउत) मिर्ची लग गई।"
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मराठा एक्टिविस्ट मनोज जरांगे पाटिल के मुंबई में प्रस्तावित मार्च के लिए मुंबई पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने पर भाजपा विधायक राम कदम ने कहा, "हर किसी को विरोध करने का अधिकार है। जरांगे ने पहले भी विरोध किया है और भविष्य में भी कर सकते हैं लेकिन विरोध का समय बहुत महत्वपूर्ण है। अभी, देशभर से लाखों लोग लालबागचा राजा और सिद्धिविनायक के दर्शन के लिए मुंबई आए हैं। क्या मुंबई में मराठा नहीं रहते? ऐसे समय में जब लोग सड़कों पर हैं, अगर कोई विरोध प्रदर्शन होता है, तो क्या इससे ट्रैफिक पर असर नहीं पड़ेगा और यहां रहने वाले लोगों की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचेगी।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 1:50 PM IST












