20 से 22 जून तक पंजाब दौरे पर रहेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में करेंगे योग
चंडीगढ़, 18 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 से 22 जून तक तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, संगठनात्मक और बौद्धिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
अनिल सरीन के अनुसार, नितिन नवीन 20 जून को अमृतसर पहुंचेंगे और अपने दौरे की शुरुआत श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर करेंगे। इसके बाद वह ऐतिहासिक जलियांवाला बाग का दौरा कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और फिर श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में जाकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। वह शाम को जालंधर पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उनका भव्य स्वागत करेंगे। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
भाजपा अध्यक्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह लुधियाना जाएंगे, जहां डुगरी रोड स्थित भाजपा के जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। साथ ही उप-मंडल प्रभारियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे। शाम को वह उद्योगपतियों और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे।
दौरे के अंतिम दिन 22 जून को नितिन नवीन सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और युवा प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान एक युवा सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा पंजाब के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और प्रदेश कोर ग्रुप के साथ अलग-अलग बैठकें भी प्रस्तावित हैं।
अनिल सरीन ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पंजाब में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को नई गति देगा और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भाजपा की पहुंच को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर उत्साह है और सभी उनके दौरे को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 8:42 PM IST












