2005 से पहले शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते थे नीतीश कुमार
जमुई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में गुरुवार को जारी पहले चरण की 121 सीटों पर मतदान के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जमुई पहुंचे और एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने 2005 से पहले की सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी सभा को संबोधित किया। कहा कि आप सभी जानते हैं कि हमारी सरकार 24 नवंबर 2005 को सत्ता में आई थी और 20 साल से सत्ता में है। इन 20 वर्षों में हमारी सरकार ने बिहार में विकास कार्य किया।
पूर्व की सरकारों को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य को बहुत बुरी हालत में छोड़ दिया था। लोग शाम के बाद बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस नहीं करते थे, अक्सर सांप्रदायिक झगड़े होते थे। शिक्षा सीमित थी, बहुत कम बच्चे पढ़ते थे और स्वास्थ्य सेवाएं अपर्याप्त थीं। सड़कें खस्ता हालत में थीं और बिजली बहुत कम जगहों पर उपलब्ध थी। हम लोगों के पहले वाली सरकार का मुख्य धंधा था। उसके बाद हमारी सरकार आई तो हम लोगों ने सभी के हित में काम किया।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिहार का विकास कर रही है, हमारी सरकार में किसी प्रकार से डर और भय का माहौल नहीं है, शांति का माहौल है।
नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा व स्वास्थ्य को लेकर काम किया, नए-नए स्कूल खोले गए। बच्चों को स्कूल लाने के लिए साइकिल योजना की शुरुआत की। 2 लाख 58 हजार शिक्षकों की बहाली की। पहले स्वास्थ्य सेवा बहुत खराब थी, स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा मुफ्त कर दी गई। मेडिकल कॉलेज की संख्या बढ़ाई गई। 27 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बनवाई गईं।
रोजगार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 50 लाख युवाओं को रोजगार दिया। अब तय किया है कि पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी दी जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Nov 2025 2:40 PM IST












