2025 में भी तेजस्वी यादव ही महागठबंधन का चेहरा हैं मृत्युंजय तिवारी

पटना, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का चेहरा बताया है और कहा कि उन्हें जनता ने अपना मुख्यमंत्री मान लिया है।
पटना में आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जनता के मुख्यमंत्री हैं। यह बात सबको पता है। चाहे कांग्रेस हो या हमारे गठबंधन के अन्य सहयोगी, सभी ने एक स्वर में कहा है कि 2020 में तेजस्वी मुख्यमंत्री का चेहरा थे। 2025 में भी वे ही चेहरा हैं। इसमें कहीं कोई कन्फ्यूजन नहीं है, इसलिए कोई 'किंतु-परंतु' का सवाल ही नहीं उठता। यह पूरी तरह साफ है।
तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने तेजस्वी के हाथों में ही नेतृत्व सौंपा है। 2020 में भी तेजस्वी ही चेहरा थे, 2025 में भी वे ही चेहरा हैं। किसी दूसरे का नाम तो कांग्रेस ने लिया नहीं।
महागठबंधन की एकजुटता पर सवालों के बीच तिवारी ने कहा कि गुरुवार को पटना में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी फैसले घोषित हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सभी चीजों की घोषणा हो जाएगी। महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। महागठबंधन में ऑल इज वेल है। सभी फैसले हो चुके हैं। संवाददाता सम्मेलन में शीर्ष नेतृत्व द्वारा सभी जानकारियां दी जाएंगी।
उन्होंने पप्पू यादव के बयानों पर कहा कि कांग्रेस ने खुद ही उनके बयानों से पल्ला झाड़ लिया है, इसलिए उनका कोई नोटिस लेना बेकार है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। लेकिन, मंचों पर उनकी अजीबो-गरीब हरकतें वायरल वीडियो से साफ दिख रही हैं। इससे स्पष्ट है कि आदरणीय नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने की स्थिति में नहीं हैं। उनकी स्थिति ठीक नहीं है। हम ईश्वर से कामना करते हैं कि वे दीर्घायु हों, स्वस्थ रहें, लेकिन नीतीश कुमार पूरी तरह गड़बड़ा गए हैं।
उन्होंने एक बार फिर दोहराते हुए कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में महागठबंधन की सरकार बन रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2025 6:36 PM IST