2027 में अखिलेश यादव की सरकार नहीं बनेगी, पीडीए का नारा खोखला बृजलाल

2027 में अखिलेश यादव की सरकार नहीं बनेगी, पीडीए का नारा खोखला  बृजलाल
भाजपा सांसद बृजलाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार नहीं बनने वाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं और पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर भर्तियां की गई हैं।

लखनऊ, 4 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद बृजलाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार नहीं बनने वाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं और पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर भर्तियां की गई हैं।

लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद बृज लाल ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में 2 लाख 25 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई है। लाखों युवाओं को रोजगार का अवसर मिला। भाजपा सांसद ने संविदा कर्मियों के लिए किए गए कार्यों और 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा का भी उल्लेख किया।

उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बौखलाए हुए हैं। उनके कार्यकाल में पीसीएस भर्ती में घोटाले होते थे। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) नारे को खोखला बताया। बृजलाल ने कहा कि मैं भी दलित हूं और उत्पीड़न का शिकार रहा हूं। पीडीए का नारा नहीं चलेगा। यह परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। देश में परिवारवाद नहीं चलेगा।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के वंदे मातरम को लेकर दिए बयान पर बृज लाल ने उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम आंदोलन की शुरुआत बंगाल से हुई थी और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने इसकी रचना की थी। राष्ट्रीय गीत को लेकर जब कानून बनाने और चर्चा की प्रक्रिया हुई, तब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इसमें भाग नहीं लिया। इन दलों को राष्ट्रीय गीत से आपत्ति थी। यह कानून से जुड़ा विषय है और हर भारतीय को जाति और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रीय गीत गाने पर गर्व महसूस करना चाहिए। जो लोग राष्ट्रीय गीत गाने से इनकार करते हैं, उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।

सनातन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए बृजलाल ने कहा कि उन्होंने जो कहा है, वह सही है। उन्होंने मथुरा के केशव देव मंदिर के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि मंदिर को तोड़े जाने के बावजूद लोगों की आस्था समाप्त नहीं हुई और राम नवमी तथा कृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व लगातार मनाए जाते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और वृंदावन-बिहारी जी कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विरासत को भव्य रूप देने का काम जारी है।

बृज लाल ने विपक्ष पर सनातन के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और सनातन से जुड़े विषयों पर बोलने से बचते हैं।

राम मंदिर के सीईओ की नियुक्ति को लेकर बृज लाल ने इसे अच्छा फैसला बताया। उन्होंने कहा कि इससे मंदिर के प्रबंधन में सुधार होगा और राम भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

बसपा नेता आकाश आनंद से जुड़े सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि यह बहुजन समाज पार्टी का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कहा कि मायावती अनुभवी नेता हैं और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं। पार्टी के हित में वह जो भी फैसला लेती हैं, वह उनका अधिकार है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 6:49 PM IST

Tags

Next Story