2027 में कांग्रेस और सपा 47 सीटें भी बचा ले तो बड़ी बात होगी ओपी राजभर
आजमगढ़, 13 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्ष को निशाने पर लेते हुए दावा किया कि जनता अभी भी पुराने दौर के अपराध और भय के माहौल को नहीं भूली है।
ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें केवल 47 सीटें मिली थीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 2027 में दोनों दल अगर साथ मिलकर अपनी 47 सीटें भी बचा लें, तो वही उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
ओपी राजभर ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और सरकार अपराध के प्रति किसी तरह की नरमी नहीं बरतेगी। उन्होंने 'बुलडोजर मॉडल' की चर्चा करते हुए कहा कि अपराधियों को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी।
वहीं दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल और बिहार की तरह 'वोट की लूट' या चुनावी बेईमानी हुई, तो यह देश का आखिरी चुनाव साबित हो सकता है। अखिलेश यादव का दावा है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
सपा प्रमुख ने महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर ऐसा परिसीमन लागू करना चाहती है, जिससे विपक्षी दलों और नेताओं के लिए चुनाव जीतना कठिन हो जाए।
इन आरोपों और जवाबी हमलों के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर एक तरफ विपक्ष चुनावी पारदर्शिता पर सवाल उठा रहा है, तो दूसरी ओर भाजपा और उसके सहयोगी विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था को अपना प्रमुख मुद्दा बता रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Jun 2026 11:57 PM IST












